सरल रणनीति से भारत को ऑस्ट्रेलिया पर जीत का भरोसा: शेफाली

Ads

सरल रणनीति से भारत को ऑस्ट्रेलिया पर जीत का भरोसा: शेफाली

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 02:14 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 02:14 PM IST

लंदन, 27 जून (भाषा) भारत की विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कहा है कि महिला टी20 विश्व कप में टीम के करो या मरो जैसे अहम मुकाबले में खेल को सरल रखना ही ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराने की सबसे अच्छी रणनीति है।

ग्रुप ए में सेमीफाइनल की दौड़ बेहद रोमांचक हो गई है। दक्षिण अफ्रीका के छह अंक हैं और वह बांग्लादेश से भिड़ेगी, जबकि भारत (छह अंक) का मुकाबला अजेय ऑस्ट्रेलिया (आठ अंक) से होगा।

शेफाली ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी विश्व स्तरीय टीम के खिलाफ भारत का आत्मविश्वास मजबूत है। उन्होंने कहा, “हमने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में टी20 श्रृंखला जीती है, जिससे हमारा भरोसा मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा, “हम पिछले कई वर्षों से उनके खिलाफ खेल रहे हैं। हम उनके गेंदबाज़ों और रणनीतियों को जानते हैं। इसलिए हमें चीजों को सरल रखना होगा और अपनी ताकत पर भरोसा करना होगा। ज्यादा सोचने से खेल मुश्किल हो जाता है।’’

शेफाली ने कहा कि वह शुरुआती मैच में जरूरत से ज्यादा सोच रही थीं, लेकिन अब उन्होंने अपनी स्वाभाविक शैली पर लौटकर बेहतर प्रदर्शन किया है।

पिछले तीन मैचों में दो अर्धशतक जड़ने वाली इस बल्लेबाज ने कहा, ‘‘मैं अब हर गेंद को देखकर प्रतिक्रिया देती हूं, ज्यादा योजना नहीं बनाती। अगर बड़े शॉट नहीं लग रहे हों तो दौड़ कर रन चुराकर रन गति बनाए रखने की कोशिश करती हूं।

शेफाली ने बल्ले के साथ गेंदबाजी में भी योगदान दिया। उन्होंने नयी गेंद से पावरप्ले में विकेट चटकाने का श्रेय कप्तान हरमनप्रीत कौर को देते हुए कहा, ‘‘हरमन दी ने भूमिका स्पष्ट रखी है। उन्होंने पावरप्ले में गेंदबाजी के बारे में मुझे पहले ही बता दिया था। इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है।’’

भाषा आनन्द पंत

पंत