भारत के छह मुक्केबाजों ने एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 मुक्केबाजी में पदक पक्के किये

Ads

भारत के छह मुक्केबाजों ने एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 मुक्केबाजी में पदक पक्के किये

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 10:49 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 10:49 PM IST

जकार्ता, 11 जुलाई (भाषा) भारत ने शनिवार को एशियाई अंडर-19 एवं अंडर-23 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 पुरुष वर्ग में छह पदक पक्के कर लिए।

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाने वालों में आदित्य, सिकंदर मौसम सुहाग, देवेंद्र चौधरी, सागर और शुभम राजपुत शामिल है।

आदित्य ने 55 किग्रा वर्ग में फिलीपींस के बरुइस एफ्रेम जॉन को 5-0 से हराया जबकि 60 किग्रा में सिकंदर ने ताजिकिस्तान के शरीफखोन नुरालिएव को 4-1 से शिकस्त दी। मौसम ने 65 किग्रा वर्ग में भारत का एक और पदक सुनिश्चित किया।

भारी वजन वर्ग में 75 किग्रा के देवेंद्र चौधरी ने इंडोनेशिया के मोहम्मद रायहान अथैल्लाह को 5-0 से हराया। 85 किग्रा में सागर ने दूसरे दौर में आरएससी (रेफरी द्वारा मुकाबला रोका जाना) से इंडोनेशिया के इर्नांदा फिर्मांडा को पराजित किया, जबकि 90 किग्रा वर्ग में शुभम राजपूत ने पहले ही दौर में आरएससी के जरिए इंडोनेशिया के नौवल नौवल को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

कुछ भारतीय मुक्केबाजों को करीबी मुकाबलों में हार का सामना भी करना पड़ा। इसमें 50 किग्रा वर्ग में अंबेकर मेइती लैरेनलकप, 80 किग्रा वर्ग में लोकेश और 90 से अधिक किग्रा वर्ग में लोवेन गुलिया का नाम शामिल है।

भाषा आनन्द

आनन्द