क्लासेन के 174 रन की मदद से दक्षिण अफ्रीका का विशाल स्कोर
क्लासेन के 174 रन की मदद से दक्षिण अफ्रीका का विशाल स्कोर
सेंचुरियन (दक्षिण अफ्रीका), 15 सितंबर (एपी) मध्यक्रम के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने पारी की अंतिम गेंद पर आउट होने से पहले 83 गेंदों पर 174 रन की धमाकेदार पारी खेली जिससे दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां पांच विकेट पर 416 रन का विशाल स्कोर बनाया।
पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे क्लासेन ने अपनी पारी में 13 चौके और 13 छक्के लगाए, जिससे वह दक्षिण अफ्रीका की तरफ से वनडे में चौथी सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने में सफल रहे।
क्लासेन को मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर नाथन एलिस ने सीमा रेखा पर कैच किया लेकिन तब तक वह दक्षिण अफ्रीका को वनडे में अपने तीसरे सर्वोच्च स्कोर तक पहुंचा चुके थे।
क्लासेन ने डेविड मिलर ( 45 गेंदों पर नाबाद 82 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 222 रन की साझेदारी की। इन दोनों के अलावा रासी वान डर डुसेन ने 62 रन का योगदान दिया।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जोश हेजलवुड ने 79 रन देकर दो विकेट लिए। लेग स्पिनर एडम जंपा खर्चीले साबित हुए। उन्होंने 10 ओवर में 113 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। दक्षिण अफ्रीका की पारी में कुल 20 छक्के लगे जिनमें से नौ छक्के जंपा की गेंदों पर लगे।
पांचवा और अंतिम मैच रविवार को खेला जाएगा।
एपी पंत नमिता
नमिता

Facebook


