‘पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ में 651 एकड़ में विकसित होगा खेल केंद्र: मंत्री

‘पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ में 651 एकड़ में विकसित होगा खेल केंद्र: मंत्री

‘पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ में 651 एकड़ में विकसित होगा खेल केंद्र: मंत्री
Modified Date: August 11, 2026 / 09:50 pm IST
Published Date: August 11, 2026 9:50 pm IST

पटना, 11 अगस्त (भाषा) बिहार सरकार ‘पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ में 651 एकड़ क्षेत्र में विश्वस्तरीय खेल केंद्र विकसित करेगी जिससे राज्य के खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए मजबूत खेल अवसंरचना तैयार हो सके।

नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने मंगलवार को इस परियोजना को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है।

बैठक में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद थीं।

श्रेयसी ने कहा कि इस टाउनशिप में प्रस्तावित खेल सुविधाओं को ओलंपिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे बिहार में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना तैयार हो सके तथा राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा के अवसर मिल सकें।

नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ की समेकित योजना में खेल गतिविधियों के लिए 651 एकड़ भूमि निर्धारित की गई है। इसमें लगभग 225 एकड़ में ‘स्पोर्ट सिटी’, 187 एकड़ में ‘गोल्फ कोर्स’ और 239 एकड़ में आधुनिक खेल परिसर विकसित करने का प्रस्ताव है।

बयान के अनुसार, प्रस्तावित खेल केंद्र में विभिन्न खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं, प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा तथा खिलाड़ियों के अनुकूल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

खेल परिसर के माध्यम से विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए व्यापक और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

भाषा कैलाश गोला आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में