लॉर्ड्स से खेल मंत्री का संदेश: 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है भारत

Ads

लॉर्ड्स से खेल मंत्री का संदेश: 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है भारत

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 06:39 PM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 06:39 PM IST

लंदन, 25 जुलाई (भाषा) केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान के दौरे के दौरान वर्ष 2036 के ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत की मजबूत दावेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े खेल महाकुंभ की मेजबानी अहमदाबाद में कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मांडविया इस सप्ताह स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में भाग लेने के लिए ब्रिटेन पहुंचे थे। उन्होंने शुक्रवार को लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान का दौरा किया, जहां उन्हें प्रूडेंशियल ट्रॉफी, एशेज सहित कई ऐतिहासिक स्मृतिचिह्नों से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव रॉबर्ट लॉसन ने कहा कि भारत और एमसीसी के बीच संबंध क्रिकेट जगत के सबसे महत्वपूर्ण रिश्तों में से एक हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘क्रिकेट भारत में करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है और भारतीय खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों के मन में लॉर्ड्स के प्रति विशेष सम्मान और लगाव है। हमें मैदान के गौरवशाली इतिहास को साझा करते हुए हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेटरों के नाम से जुड़े ‘ऑनर्स बोर्ड’, सौरव गांगुली की ऐतिहासिक जर्सी और प्रूडेंशियल ट्रॉफी जैसे स्मृतिचिह्न दिखाने का अवसर मिला।’’

लॉर्ड्स की अपनी पहली यात्रा की यादगार के रूप में लॉसन ने मांडविया को हाल ही में लॉर्ड्स में खेले गए इंग्लैंड-भारत एकदिवसीय मैच की एक मैच बॉल भेंट की। इस दौरान ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त पी कुमारन भी उनके साथ मौजूद थे।

लॉसन ने कहा कि एमसीसी भविष्य में भी भारतीय क्रिकेट के साथ अपने लंबे और मजबूत संबंधों को और सुदृढ़ बनाने के लिए उत्सुक है।

इससे पहले एडिनबर्ग स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने ग्लास्गो में भारतीय समुदाय के सम्मान में एक स्वागत समारोह आयोजित किया। दूतावास के अनुसार, खेल मंत्री ने प्रवासी भारतीयों से राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और ‘टीम इंडिया’ का समर्थन करने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि शुक्रवार को भारत ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला पदक जीता। पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुष हैवीवेट वर्ग के फाइनल में कांस्य पदक अपने नाम किया।

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का 123 सदस्यीय दल हिस्सा ले रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन बृहस्पतिवार को हुआ और इसका समापन दो अगस्त को होगा।

ब्रिटेन दौरे के दौरान मांडविया ने यह भी दोहराया कि भारत वर्ष 2030 के शताब्दी राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी अहमदाबाद में करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन खेल इतिहास का एक ऐतिहासिक, टिकाऊ और यादगार सत्र साबित होगा।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता