कोलंबो, सात फरवरी (भाषा) खराब दौर से गुजर रही श्रीलंकाई टीम टी20 विश्व कप ग्रुप बी के अपने पहले मैच में रविवार को आयरलैंड से खेलेगी तो पिछली निराशाओं को भुलाकर अपने घरेलू दर्शकों को मुस्कुराने का मौका देने का इरादा होगा ।
भारत के साथ टूर्नामेंट की सह मेजबान श्रीलंका की तैयारी अच्छी नहीं रही है । उसे घरेलू टी20 श्रृंखला में इंग्लैंड ने 3 . 0 से हराया ।
अब श्रीलंका उन गलतियों से सबक लेकर बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगा ।
श्रीलंका की समस्या प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रही है । इंग्लैंड के खिलाफ दबाव के हालात में उसके बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों नहीं चल सके ।
बारह साल पहले टी20 विश्व कप जीत चुकी श्रीलंका को घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा और कागजों पर उसकी टीम मजबूत भी दिख रही है ।
श्रीलंका को पेचीदा ग्रुप मिला है जिसमें आस्ट्रेलिया भी है । आयरलैंड और जिम्बाब्वे उलटफेर कर सकते हैं और ओमान भी ग्रुप में है ।
दासुन शनाका की कप्तानी वाली टीम को हरफनमौला प्रदर्शन करना होगा और सीनियर खिलाड़ियों पर बड़ी जिम्मेदारी रहेगी ।
श्रीलंका के पास शीर्षक्रम में पाथुम निसांका और कुसल मेंडिस जैसे बल्लेबाज हैं । उनके अलावा कामिल मिशारा भी हैं जो बड़े टूर्नामेंट में अपनी उपयोगिता साबित करना चाहेंगे ।
कुसल परेरा पर काफी कुछ निर्भर होगा जबकि मध्यक्रम में कामिंदु मेंडिस, चरित असलंका और जनिथ लियानागे भी हैं ।
तेज गेंदबाजी में दुष्मंता चामीरा और मथीषा पथिराना जिम्मा संभालेंगे लेकिन कंधे की चोट के कारण बाहर हुए ईशान मलिंगा की कमी खलेगी जिनकी जगह प्रमोद मधुशान खेल रहे हैं ।
स्पिन गेंदबाजी का मोर्चा वानिंदु हसरंगा संभालेंगे जबकि टीम में दुनिथ वेलालागे और महीष तीक्षणा भी हैं ।
दूसरी ओर आयरलैंड के प्रदर्शन का दारोमदार अनुभवी पॉल स्टर्लिंग , हैरी टेक्टर और जोश लिटिल पर रहेगा ।
आयरलैंड आठवीं बार टी20 विश्व कप खेल रहा है और 2009 के बाद से सारे टूर्नामेंट खेला है । उसने हाल ही में इटली और यूएई को हराया है और जीत की लय कायम रखना चाहेगा । अगर वह श्रीलंका को हरा देता है तो इस ग्रुप से सुपर आठ में पहुंचने का दावेदार हो सकता है ।
टीमें :
श्रीलंका :
दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंदु मेंडिस, कुसल परेरा, चरित असलंका, जनिथ लियानागे, पवन रत्नायके, वानिंदु हसरंगा, दुनिथ वेलालागे, महीष तीक्षणा, दुष्मंता चामीरा, मथीष पथिराना, प्रमोद मधुशान
आयरलैंड :
पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क एडेयर, रोस एडेयर, बेन कैलित्ज, कुर्टिस कैंफर, जेरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रेस, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, लोरकान टकर, बेन व्हाइट, क्रेग यंग ।
मैच का समय : शाम सात बजे से ।
भाषा मोना
मोना