डोपिंग उल्लंघनों के कारण राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का भारोत्तोलन कोटा घटा, दिलबाग सिंह टीम से बाहर

Ads

डोपिंग उल्लंघनों के कारण राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का भारोत्तोलन कोटा घटा, दिलबाग सिंह टीम से बाहर

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 03:49 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 03:49 PM IST

ग्लास्गो, 23 जुलाई (भाषा) क्वालीफिकेशन अवधि के दौरान कई डोपिंग रोधी नियम उल्लंघनों (एडीआरवी) के कारण भारत का कोटा कम किए जाने के बाद भारोत्तोलक दिलबाग सिंह को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए दल से बाहर कर दिया गया।

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत का भारोत्तोलन कोटा 16 से घटाकर 11 कर दिया गया है।

भारतीय भारोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) ने ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू की अगुवाई में 12 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी। महासंघ का कहना है कि उसे कोटा घटाए जाने की जानकारी बुधवार को ही मिली।

एक विश्वसनीय सूत्र ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘‘महासंघ को 12 से घटाकर 11 भारोत्तोलकों का कोटा किए जाने की जानकारी कल ही मिली। ’’

उन्होंने बताया, ‘‘चूंकि दिलबाग पीठ की चोट से जूझ रहे हैं और उन्होंने बर्मिंघम में आयोजित तैयारी शिविर के दौरान बिल्कुल भी ट्रेनिंग नहीं की इसलिए उन्हें टीम से बाहर करने का फैसला किया गया। ’’

राष्ट्रमंडल खेलों से पहले एन अजीत (71 किग्रा), साईराज परदेशी (88 किग्रा) और हरचरण सिंह (110 किग्रा) पर डोपिंग के कारण प्रतिबंध लगाया गया था।

महिला भारोत्तोलक वंशिता वर्मा (86 किग्रा) को भी क्वालीफिकेशन अवधि के दौरान डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर प्रतिबंधित किया गया था।

कोटा में यह कटौती भारतीय भारोत्तोलन के लिए एक और बड़ा झटका है क्योंकि डोपिंग से जुड़े मामलों के कारण इस खेल को पहले भी कई बार प्रतिबंधों और दंडात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ा है।

भाषा नमिता मोना

मोना

ताजा खबर