पेरिस, 23 जुलाई (एपी) फ्रांस के नए फुटबॉल कोच की घोषणा मंगलवार को होगी और उम्मीद है कि डिडिएर डेसचैम्प्स की जगह जिनेदिन जिदान लेंगे।
फ्रांस फुटबॉल महासंघ ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि उसके अध्यक्ष फिलिप डियालो पेरिस में मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोच के नाम का ऐलान करेंगे।
जिदान (54 साल) ने 2021 में रियाल मैड्रिड छोड़ने के बाद से किसी टीम को कोचिंग नहीं दी है। मिडफील्ड के इस दिग्गज ने 2016-18 के दौरान मैड्रिड को लगातार तीन चैम्पियंस लीग खिताब दिलाए थे।
डेसचैम्प्स 14 साल तक फ्रांस के कोच रहे और विश्व कप के बाद पद छोड़ दिया जिसमें फ्रांस को सेमीफसइनल में स्पेन से हार का सामना करना पड़ा था।
डेसचैम्प्स की कोचिंग में फ्रांस ने 2018 में विश्व कप जीता और 2022 में पेनल्टी शूटआउट में फाइनल हार गया। टीम 2016 में अपने घरेलू मैदान पर यूरोपीय चैंपियनशिप का फाइनल भी हार गई थी।
जिदान ने 1998 के विश्व कप में टीम की खिताबी जीत के दौरान शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने फाइनल में ब्राजील के खिलाफ 3-0 की जीत में दो गोल किए थे। दो साल बाद जब फ्रांस ने यूरोपीय चैंपियनशिप जीती तब भी उन्होंने शानदार खेल दिखाया था। उन्होंने 1998 में पुरुषों का बेलोन डिओर खिताब भी जीता था।
जिदान ने फ्रांस के लिए 108 मैच खेले और 31 गोल किए। इनमें 2006 विश्व कप फाइनल में पेनल्टी भी शामिल थी। उस मैच में इटली के डिफेंडर मार्को माटेराजी के सीने में सिर मारने की वजह से उन्हें अतिरिक्त समय में बाहर भेज दिया गया था और फ्रांस को हार का सामना करना पड़ा था।
फ्रांस का अगला मैच 25 सितंबर को नेशंस लीग में तुर्की के खिलाफ उनके मैदान पर होगा और इसके तीन दिन बाद बेल्जियम में मैच खेला जाएगा। इसके बाद दो अक्टूबर को फ्रांस का मुकाबला स्टेड डी फ्रांस में इटली से होगा।
एपी सुधीर नमिता
नमिता