मियामी गार्डन्स (अमेरिका), 22 जून (एपी) विश्व कप में उरुग्वे की शुरुआत अप्रत्याशित रही है। सऊदी अरब और केप वर्दे के खिलाफ ड्रॉ के बाद और स्पेन की मजबूत टीम के खिलाफ एक मैच बाकी होने के कारण दो बार के चैंपियन पर पहले दौर से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।
केप वर्दे के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ छूटे मैच को देखने आए कई प्रशंसकों में एक ऐसा खिलाड़ी भी था जिस पर टीम 15 वर्षों से अधिक समय तक गोल करने के लिए निर्भर रही। यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि लुई सुआरेज़ हैं।
उसुग्वे के मैच मियामी स्टेडियम में खेले गए जो उस स्थान के पास है जहां सुआरेज़ इंटर मियामी के स्ट्राइकर के रूप में खेलते हैं। 39 वर्षीय सुआरेज़ ने स्टेडियम में दर्शक के रूप में इन मैच को देखा।
सुआरेज़ ने 2024 में अपना अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त किया और राष्ट्रीय टीम के लिए 143 मैचों में 69 गोल करके सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर रहे। महीनों की अटकलों के बाद अंततः उन्हें कोच मार्सेलो बिएल्सा की टीम में जगह नहीं मिली।
उरुग्वे के प्रशंसकों को इस बात का अहसास था कि सुआरेज़ जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी की जगह लेना कितना मुश्किल हो सकता है।
उरुग्वे के समर्थक फ्रेडरिको सुआरेज़ ने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो मेरे मन में मिश्रित भावनाएं हैं। उनकी उम्र काफी हो गई है और अब युवा खिलाड़ियों को मौका देने का समय है। वह निश्चित तौर पर हमारे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं।’’
सुआरेज़ ने अप्रैल में घोषणा की कि वह विश्व कप में उरुग्वे के लिए खेलने के लिए संन्यास से वापसी करने को तैयार हैं। इस घोषणा से यह अटकलें तेज हो गईं कि उरुग्वे का यह स्टार फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर एक आखिरी बार खेल सकता है। लेकिन मुख्य कोच ने इसके बजाय टीम के युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया।
एपी
पंत
पंत