स्पेन की जीत में चमके यामल और ओयारजाबल

Ads

स्पेन की जीत में चमके यामल और ओयारजाबल

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 10:00 AM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 10:00 AM IST

अटलांटा, 22 जून (एपी) किशोर सुपरस्टार लामिन यामल ने फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर पहली बार शुरुआती लाइनअप में शामिल होने के 10 मिनट के भीतर ही गोल किया जबकि मिकेल ओयारजाबल ने दो गोल दागे जिससे स्पेन रविवार को यहां सऊदी अरब को 4-0 से हराकर विश्व कप में अपना अभियान वापस पटरी पर लाने में सफल रहा।

खिताब के प्रबल दावेदार स्पेन ने अपना पहला मैच केप वर्दे के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला था और उसे बड़ी जीत की सख्त दरकार थी। यामल को पहले मैच में दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतारा गया था।

स्पेन की तरफ से 18 वर्षीय फॉरवर्ड यामल ने दूर के पोस्ट पर स्लाइड करते हुए एक लो क्रॉस को शानदार तरीके से गोल में तब्दील कर पहला गोल दागा। इससे वह विश्व कप के इतिहास में सबसे कम उम्र में गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में आठवें नंबर पर काबिज हो गए।

यामल ने कहा, ‘‘पहले मैच में वास्तव में हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे लेकिन अब हम लय में आ गए हैं और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।’’

उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा विश्व कप में खेलने का सपना देखा था और शुरुआती लाइनअप में अपने पहले ही मैच में गोल करना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। मैंने पिछला विश्व कप क्लासरूम में बैठकर देखा था, इसलिए अपनी मां और परिवार के सामने गोल करना मेरे लिए सपना सच होने जैसा है।’’

बार्सिलोना के विंगर यामल को पहले से ही दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों में गिना जाता है। उन्होंने केवल 16 वर्ष की उम्र में स्पेन को 2024 में यूरोपीय चैंपियनशिप जीतने में मदद की थी।

यामल के पहले गोल ने पहले हाफ में गोल की झड़ी लगा दी। ओयारजाबल की पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के लिए आलोचना हुई थी लेकिन इस बार उन्होंने न सिर्फ यामल की गोल में मदद की बल्कि 21वें और 24वें मिनट में दो गोल भी किए।

स्पेन के खाते में चौथा गोल आत्मघाती गोल के रूप में जुड़ा, जब दूसरे हाफ के चौथे मिनट में मार्क कुकुरेला का शॉट हसन अल्तम्बक्ती से टकराकर गोल में चला गया।

एपी

पंत

पंत