सूर्यकुमार ने चक्रवर्ती की फॉर्म संबंधी चिताओं को किया खारिज, लेकिन एकादश में जगह पर ‘संशय’

Ads

सूर्यकुमार ने चक्रवर्ती की फॉर्म संबंधी चिताओं को किया खारिज, लेकिन एकादश में जगह पर ‘संशय’

  •  
  • Publish Date - March 7, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - March 7, 2026 / 08:49 PM IST

… कुशान सरकार …

अहमदाबाद, सात मार्च (भाषा) भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म को लेकर उठ रही चिंताओं को शनिवार को खारिज किया लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के फाइनल से पहले अंतिम एकादश में इस ‘मिस्ट्री’ स्पिनर की जगह को लेकर अटकलें थमने का नाम नहीं ले रहीं। कुलदीप यादव के विकल्प के तौर पर मौजूद होने से टीम संयोजन पर चर्चा जारी है। कप्तान ने हालांकि साफ कहा कि टीम के भीतर चक्रवर्ती की फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है। सूर्यकुमार ने कहा, “चक्रवर्ती की फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है। हमने सामूहिक प्रयास से मैच जीते हैं और जब आप मैच जीत रहे हों तो ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं होती। अगर टीम में 11 खिलाड़ी हैं तो हर दिन सभी का प्रदर्शन अच्छा नहीं होगा। उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और बाकी खिलाड़ी उस कमी को पूरा करते हैं।” भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘मुझे चक्रवर्ती को लेकर कोई चिंता नहीं है। वह दुनिया के नंबर एक गेंदबाज हैं। उन्हें पता है कि बड़े मौकों पर अपना खेल कैसे ऊपर उठाना है और टीम को जीत दिलानी है। मुझे भरोसा है कि वह हमें फाइनल भी जीतने में मदद करेंगे।” टीम के अभ्यास सत्र के दौरान हालांकि ऐसा कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला कि चक्रवर्ती की जगह टीम में पक्की है। तमिलनाडु के इस स्पिनर ने नेट में गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल की निगरानी में अभ्यास किया। इस दौरान सूर्यकुमार, मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर थोड़ी दूरी पर पिच के पास खड़े होकर बातचीत करते नजर आए। चक्रवर्ती गेंदबाजी अभ्यास के बाद नीले रंग के एक आइस बॉक्स पर बैठकर दूसरे खिलाड़ियों के अभ्यास को देखने लगे। पास के नेट में कुलदीप यादव और तिलक वर्मा बारी-बारी से गेंदबाजी कर रहे थे। टूर्नामेंट में चक्रवर्ती की जगह को लेकर चर्चा इसलिए भी जारी है क्योंकि उन्होंने अब तक लगभग नौ रन प्रति ओवर की दर से रन दिये हैं। उन्होंने इस दौरान सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 64 रन लुटाए थे। उनकी जगह हालांकि कुलदीप को शामिल करना भी आसान फैसला नहीं माना जा रहा। कलाई के इस स्पिनर ने टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक मैच खेला है और न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल के खिलाफ उनका रिकॉर्ड वनडे में अच्छा नहीं रहा है। यही स्थिति ग्लेन फिलिप्स के साथ भी देखी गई है, जिससे भारत के लिए चयन का समीकरण और जटिल हो जाता है। सूर्यकुमार से जब पूछा गया कि क्या भारत खिताबी मुकाबले के लिए टीम में बदलाव कर सकता है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “कल खुद देख लीजिए। लगता है आप आज ही सब कुछ जानना चाहते हैं।” भाषा आनन्द नमितानमिता