सूर्यकुमार के नाबाद 84 रन, भारत ने बनाए नौ विकेट पर 161 रन
सूर्यकुमार के नाबाद 84 रन, भारत ने बनाए नौ विकेट पर 161 रन
मुंबई, सात फरवरी (भाषा) कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने सामूहिक बल्लेबाजी नाकामी के बावजूद शनिवार को यहां वानखेड़े स्टेडियम में आईसीसी टी20 विश्व कप के शुरूआती मैच में अमेरिका के खिलाफ नौ विकेट पर 161 रन बना लिए।
खिताब के प्रबल दावेदार भारत के लिए सूर्यकुमार दबाव भरी परिस्थिति में संभलकर खेलते हुए अंत तक डटे रहे। उन्होंने 49 गेंद की नाबाद पारी में 10 चौके और चार छक्के जड़े।
उनके अलावा केवल तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके जिसमें तिलक वर्मा ने 25 रन और ईशान किशन ने 20 रन का योगदान दिया।
13वें ओवर में भारत का स्कोर छह विकेट पर 77 रन हो गया था और टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई थी लेकिन सूर्यकुमार ने अकेले दम पर पारी को संभाला।
दक्षिण अफ्रीका में जन्में शैडली वान शाल्कविक ने चार ओवर में 25 रन देकर चार विकेट झटके। सूर्यकुमार को छोड़कर भारत का मशहूर बल्लेबाजी लाइन-अप पूरी तरह नाकाम रहा और एक समय टीम बहुत कम स्कोर पर सिमटने की ओर बढ़ती दिख रही थी।
संकेत शुरुआत में ही मिल गया था जब भारत पहली चार गेंद पर कोई रन नहीं बना सका। अमेरिकी गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का बिल्कुल भी मौका नहीं दिया।
ईशान ने पांचवीं गेंद पर छक्का जड़कर खाता खोला, लेकिन दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा के पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट होने से भारत को पहला झटका लगा।
दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज अभिषेक ने अली खान की गेंद पर सीधे डीप कवर पर संजय कृष्णमूर्ति को कैच थमा दिया और वानखेड़े स्टेडियम खामोश हो गया। अमेरिकी कप्तान मोनांक पटेल की बेहद सटीक तरीके से क्षेत्ररक्षकों के सजाया हुआ था।
तिलक ने तीसरे ओवर में सौरभ नेत्रवलकर पर सीधा शॉट लगाकर दबाव कम किया और अगले ओवर में वान शाल्कविक के खिलाफ तीन चौके जड़े। ऐसा लगा कि भारत अब लय पकड़ रहा है।
लेकिन ईशान छठे ओवर की पहली ही गेंद पर वान शाल्कविक की गेंद को सीधे मिड-ऑन पर मार बैठे। जबकि इससे पहले उन्हें जीवनदान मिल चुका था।
वान शाल्कविक को यकीन नहीं हुआ जब तिलक एक शॉर्ट गेंद को ठीक से टाइम नहीं कर पाए और अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल को आसान कैच दे बैठे।
शिवम दुबे एक साधारण सी धीमी बाउंसर से पूरी तरह चकमा खा गए और खाता भी नहीं खोल सके।
रिंकू सिंह (14 गेंद में छह रन) मोहम्मद मोहसिन (16 रन देकर एक विकेट) की गेंद पर अपना आक्रामक शॉट नियंत्रित नहीं कर सके और लांग-ऑन पर कैच दे बैठे।
हार्दिक पंड्या (05) मुंबई के पूर्व स्पिनर हरमीत सिंह (26 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर स्वीपर कवर के ऊपर से मारने की कोशिश में आउट हो गए जबकि अक्षर पटेल (14) भी तेजी से रन बटोरने के प्रयास में पवेलियन लौटे।
अब भारत को संकट से उबारने की पूरी जिम्मेदारी अकेले सूर्यकुमार पर आ गई। उन्होंने स्ट्राइक अपने पास रखी और अपने ट्रेडमार्क शॉट्स में शायद ही कोई चूक की।
पिच की प्रकृति को पूरी तरह समझने वाले सूर्यकुमार आखिरी दो ओवरों में खुलकर खेले। इन दो ओवरों में उन्होंने 34 रन बटोरे जिनमें अंतिम ओवर में नेत्रवलकर पर बने 21 रन शामिल थे।
भाषा
नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


