रोम, 17 मई (एपी) एलिना स्वितोलिना ने तीन सेट तक चले कड़े मुकाबले में कोको गॉफ को हराकर तीसरी बार इटालियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीता।
स्वितोलिना ने लगभग तीन घंटे तक चले मैच में गॉफ को 6-4, 6-7 (3), 6-2 से हराया। यह 2018 में इटालियन ओपन जीतने के बाद उनका पहला डब्ल्यूटीए 1000 खिताब है। यूक्रेन की इस खिलाड़ी ने 2017 में भी यहां खिताब जीता था।
स्वितोलिना ने अपने करियर का 20वां खिताब जीतने के बाद कहा, ‘‘यह विश्वास करना बहुत मुश्किल है कि आठ साल हो गए जब मैंने इससे पहले यहां ट्रॉफी जीती थी। मैं निश्चित रूप से यहां बिताए दो सप्ताह से बहुत खुश हूं।’’
अमेरिकी खिलाड़ी गॉफ लगातार दूसरे साल फाइनल की बाधा पार नहीं कर पाई। वह पिछले साल जैस्मीन पाओलिनी से हार गईं, लेकिन बाद में उन्होंने फ्रेंच ओपन जीता था।
पुरुष वर्ग के फाइनल में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर का सामना कैस्पर रूड से होगा।
इटली के खिलाड़ी सिनर ने सेमीफाइनल में दानिल मेदवेदेव को 6-2, 5-7, 6-4 से हराया। वह नोवाक जोकोविच के बाद नौ मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले दूसरे पुरुष खिलाड़ी बनने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। जोकोविच ने प्रत्येक मास्टर्स टूर्नामेंट कम से कम दो बार जीता है।
इससे पहले रूड ने शुक्रवार को लुसियानो डार्डेरी को 6-1, 6-1 से हराया था।
एपी
पंत
पंत