असैन्यीकृत क्षेत्र में विस्फोट के बाद दक्षिण कोरिया के तीन अधिकारी घायल

Ads

असैन्यीकृत क्षेत्र में विस्फोट के बाद दक्षिण कोरिया के तीन अधिकारी घायल

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 04:38 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 04:38 PM IST

सियोल, 21 सितंबर (एपी) उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया की सीमा पर असैन्यीकृत क्षेत्र (डीएमजेड) में सोमवार को हुए एक विस्फोट में दक्षिण कोरिया के तीन सैन्य अधिकारी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सीमा के बफर क्षेत्र के पश्चिमी हिस्से में सैन्य सीमांकन रेखा के पास एक अभियान के दौरान यह विस्फोट हुआ।

मंत्रालय ने कहा कि विस्फोट के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।

दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि क्या विस्फोट उत्तर कोरिया द्वारा बिछाई गई किसी बारूदी सुरंग के कारण हुआ।

दोनों देशों के बीच संबंधों में बढ़ती तल्खी के बीच उत्तर कोरिया ने हाल के महीनों में सीमा पर बारूदी सुरंगें बिछाने के साथ-साथ टैंक रोधी अवरोधक लगाए हैं और अग्रिम मोर्चे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है।

यह पूछे जाने पर कि क्या इस घटनाक्रम के बाद उसने भी सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई, दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

मंत्रालय के मुताबिक, दो अधिकारियों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि तीसरे अधिकारी को पहले सड़क मार्ग से ले जाया गया और बाद में हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों का राजधानी सियोल के पास स्थित एक सैन्य अस्पताल में उपचार जारी है।

एपी खारी अमित

अमित