तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र, पीएसपीबीए, दिल्ली, एनसीओई और हरियाणा अंतिम-16 में
तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र, पीएसपीबीए, दिल्ली, एनसीओई और हरियाणा अंतिम-16 में
देहरादून, 20 अप्रैल (भाषा) जूनियर और युवा राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में सोमवार को लड़कों की टीम स्पर्धाओं के शुरुआती दो दौर काफी हद तक उम्मीद के मुताबिक रहे, जिसमें खिताब के दावेदार राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों ने अपना दबदबा कायम रखा।
अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र, पीएसपीबीए, दिल्ली, एनसीओई और हरियाणा ने एक राउंड शेष रहते ही प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली, जिससे पदक के प्रबल दावेदार के रूप में उनकी स्थिति और मजबूत हो गई। ऐसे में ग्रुप में दूसरा स्थान तय करने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा होगी।
तमिलनाडु ने ग्रुप ए में पंजाब और चंडीगढ़ को समान रूप से 3-0 से हराया, जबकि ग्रुप बी में बंगाल ने अपने दोनों मैच जीते। टीम ने उत्तर प्रदेश को 3-0 और गुजरात को 3-1 से हराया।
ग्रुप सी में जम्मू-कश्मीर ने असम को कड़ी चुनौती दी, लेकिन उसे 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। असम ने इसके बाद मणिपुर को 3-0 से हराया, जबकि जम्मू-कश्मीर ने नगालैंड को इसी अंतर से हराया।
महाराष्ट्र ने ग्रुप डी में उत्तराखंड और कर्नाटक को 3-0 से हराया। कर्नाटक और उत्तराखंड ने इसके बाद झारखंड पर समान रूप से 3-0 की जीत के साथ अच्छी वापसी की।
ग्रुप ई में पीएसपीबीए का दबदबा रहा, जिसने गोवा को 3-1 और राजस्थान को 3-0 से हराया।
दिल्ली ने ग्रुप एफ में छत्तीसगढ़ को आसानी से 3-0 से हराया, लेकिन ओडिशा से उसे कड़ी टक्कर मिली। दिल्ली ने ओडिशा को 3-2 से मात दी।
ग्रुप जी में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहाँ हिमाचल प्रदेश ने मध्य प्रदेश को 3-2 से हराया, जबकि एनसीओई से उसे 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। एनसीओई ने पुडुचेरी को 3-0 से मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश ने पुडुचेरी को 3-2 से हराकर वापसी की।
हरियाणा ने ग्रुप एच में तेलंगाना और बिहार को मात दी।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


