पेरिस, 21 अक्टूबर (भाषा) भारत के लक्ष्य सेन मंगलवार को यहां पुरुष एकल के पहले दौर में आयरलैंड के एनहात एनगुएन के खिलाफ सीधे गेम में हारकर फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
हांगकांग ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले लक्ष्य शुरुआत से ही लय में नहीं दिखे और उन्हें दुनिया के 29वें नंबर के खिलाड़ी एनगुएन के खिलाफ 7-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।
अल्मोड़ा के 24 वर्षीय लक्ष्य ने पिछले हफ्ते डेनमार्क ओपन के पहले दौर में तीन गेम में एनगुएन को हराया था लेकिन पेरिस में उनका प्रदर्शन अनियमित रहा। भारतीय खिलाड़ी ने बार-बार शॉट बाहर और नेट पर मारे जबकि अपने प्रतिद्वंदी के तीखे स्मैश के खिलाफ लय हासिल करने के लिए संघर्ष करते रहे।
लक्ष्य की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वह जल्द ही 2-7 से पिछड़ गए।
रैली में अधिकतर कड़ी मेहनत करने के बावजूद लक्ष्य फिनिशिंग शॉट पर बार-बार लड़खड़ा गए। एक और शॉट बाहर मारने के बाद वह ब्रेक तक 5-11 से पीछे हो गए और फिर कभी नहीं उबर पाए। एनगुएन ने जल्द ही स्कोर 19-7 किया और फिर एक बेहतरीन क्रॉस कोर्ट विनर लगाकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में भी दुनिया के 16वें नंबर के भारतीय खिलाड़ी की किस्मत में अधिक बदलाव नहीं आया और वह जल्दी ही 1-6 से पीछे हो गए।
लक्ष्य ने अंतर को कम करके 4-6 किया लेकिन कई सहज गलतियां करके एनगुएन को 5-11 की बढ़त बनाने का मौका दे दिया।
लक्ष्य ने वापसी करने की कोशिश करते हुए स्कोर 11-15 कर दिया लेकिन अहम मौकों पर गलतियों ने उनकी संभावनाओं को नुकसान पहुंचाया।
लक्ष्य ने 14-17 के स्कोर पर रैली को नेट पर उलझाया और फिर दो गलती करके छह मैच प्वाइंट एनगुएन की झोली में डाल दिए। भारतीय खिलाड़ी ने दो मैच प्वाइंट बचाए लेकिन आयरलैंड के खिलाड़ी ने क्रॉस कोर्ट शॉट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भाषा सुधीर मोना
मोना