पर्थ, 26 मई (भाषा) भारतीय महिला हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चार मैचों की मैत्री श्रृंखला के पहले मुकाबले में शुरुआती बढ़त हासिल करने के बावजूद मंगलवार को यहां 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
नवनीत कौर ने मैच के पहले क्वार्टर में भारत की ओर से पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। भारतीय रक्षा पंक्ति ने पहले हाफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम को बराबरी करने का मौका नहीं दिया और दूसरे क्वार्टर तक बढ़त कायम रखी।
मध्यांतर के बाद हालांकि मुकाबले का रुख बदल गया। ऑस्ट्रेलिया की एबी विल्सन ने पेनल्टी कॉर्नर पर मिले दो अवसरों का पूरा फायदा उठाते हुए तीसरे और चौथे क्वार्टर में एक-एक गोल दागा। उनके इन गोलों की बदौलत मेजबान टीम ने शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
दोनों टीमें अब बुधवार को श्रृंखला के दूसरे मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर