मुंबई, सात अप्रैल (भाषा) मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) बृहस्पतिवार को वानखेड़े स्टेडियम में नए ‘रवि शास्त्री स्टैंड का अनावरण करने के अलावा दिलीप सरदेसाई, एकनाथ सोलकर और डायना इडुल्जी के नाम पर स्टेडियम के गेट समर्पित करके अपने महान क्रिकेटरों को सम्मानित करेगा।
इस अनावरण समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाईक भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे। साथ ही शीर्ष परिषद के सदस्य, पदाधिकारी और क्रिकेट जगत से जुड़े अन्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।
इन दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित करने का फैसला एमसीए की शीर्ष परिषद ने फरवरी में हुई बैठक में लिया था।
इस पहल के तहत वानखेड़े स्टेडियम में प्रेस बॉक्स के नीचे स्थित ‘लेवल एक स्टैंड’ का नाम भारत के पूर्व कप्तान और जाने-माने कमेंटेटर रवि शास्त्री के नाम पर रखा जाएगा। यह सम्मान उन्हें मुंबई और भारतीय क्रिकेट में एक खिलाड़ी, कप्तान और कोच के तौर पर दिए गए उनके बेहतरीन योगदान के लिए दिया जा रहा है।
इसके अलावा गेट नंबर तीन, गेट नंबर पांच और गेट नंबर छह का औपचारिक रूप से क्रमश: ‘दिलीप सरदेसाई गेट’, ‘डायना इडुल्जी गेट’ और ‘एकनाथ सोल्कर गेट’ के रूप में अनावरण किया जाएगा।
नाईक ने कहा, ‘‘यह समारोह मुंबई क्रिकेट के लिए एक गर्व का क्षण है क्योंकि हम नौ अप्रैल को इन महान हस्तियों को सम्मानित करने के लिए एक साथ जुट रहे हैं। रवि शास्त्री स्टैंड का अनावरण और साथ ही दिलीप सरदेसाई, एकनाथ सोल्कर और डायना इडुल्जी के नाम पर स्टेडियम के गेट समर्पित करना इन महान हस्तियों के अमूल्य योगदान के प्रति हमारे गहरे सम्मान को दर्शाता है।’’
भाषा सुधीर
सुधीर