राष्ट्रमंडल खेलों में मुझ पर दबाव होगा क्योंकि मैं गत चैंपियन हूं: नदीम
राष्ट्रमंडल खेलों में मुझ पर दबाव होगा क्योंकि मैं गत चैंपियन हूं: नदीम
लाहौर, 13 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम ने सोमवार को माना कि ग्लास्गो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान उन पर दबाव होगा क्योंकि वह गत चैंपियन के तौर पर स्पर्धा में हिस्सा ले रहे हैं।
नदीम 23 जुलाई से ग्लास्गो में शुरू होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में पाकिस्तान की टीम की अगुवाई करेंगे और वह भारतीय सुपरस्टार नीरज चोपड़ा के साथ अपनी पुरानी प्रतिद्वंद्विता को फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं।
नदीम ने पीटीआई से कहा, ‘‘आगामी खेलों में मुझ पर अधिक दबाव रहेगा क्योंकि मैं गत चैंपियन हूं लेकिन मैंने अच्छी तैयारी की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रतियोगिता में वापसी करना अच्छी बात है और मैं ग्लास्गो में अपने राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव करना चाहता हूं।’’
चोपड़ा चोट के कारण पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा नहीं ले पाए थे और नदीम ने 2022 में बर्मिंघम में 90.18 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
नदीम ने कहा, ‘‘मुझे पता है कि कड़े मुकाबले में खिताब दोबारा जीतने के लिए मुझे क्या करना होगा।’’
चोपड़ा के खिलाफ नदीम की एकमात्र बड़ी जीत 2024 पेरिस ओलंपिक खेलों में आई थी जब उन्होंने 92.97 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
हाल के वर्षों में नदीम और चोपड़ा कई बार आमने-सामने आए हैं लेकिन तोक्यो में 2025 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उनका पिछला मुकाबला दोनों के लिए निराशाजनक रहा।
चोपड़ा आठवें और नदीम 10वें स्थान पर रहे जिससे उनके प्रशंसक निराश हुए क्योंकि दोनों ही चोटों से जूझ रहे थे।
लाहौर में अपने कोच के साथ ट्रेनिंग कर रहे 29 साल के नदीम ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में जाने से पहले वह स्विट्जरलैंड में एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा कि इससे उन्हें राष्ट्रमंडल खेलों से पहले अपनी ताकत और शारीरिक स्थिति को समझने में मदद मिलेगी।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


