कोच पर हमले के आरोप में पुडुचेरी के प्रथम श्रेणी के तीन क्रिकेटर निलंबित

कोच पर हमले के आरोप में पुडुचेरी के प्रथम श्रेणी के तीन क्रिकेटर निलंबित

कोच पर हमले के आरोप में पुडुचेरी के प्रथम श्रेणी के तीन क्रिकेटर निलंबित
Modified Date: April 22, 2026 / 07:01 pm IST
Published Date: April 22, 2026 7:01 pm IST

पुडुचेरी, 23 अप्रैल (भाषा) पुडुचेरी क्रिकेट संघ (सीएपी) ने बुधवार को घोषणा की कि उसने पिछले साल आठ दिसंबर को अंडर-19 राज्य टीम के कोच वेंकटरामन पर हमला करने के आरोप में अपने प्रथम श्रेणी के तीन क्रिकेटरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

ये तीनों खिलाड़ी (जे. कार्तिकेयन, ए. अरविंदराज और एस. संतोष कुमारन) हाल के वर्षों में रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

अरविंदराज ने भी पिछले घरेलू सत्र में इस केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था।

सीएपी द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘तीनों पर वेंकटरामन की हत्या के प्रयास और उन पर हमले का आरोप लगाया गया है। सेदुरपेट पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी ने प्राथमिकी (एफआईआर) संख्या 100/2025 के तहत औपचारिक आरोपपत्र दाखिल कर दिया है और मामला अदालत के अधीन है।’’

सीएपी ने इन खिलाड़ियों को अपने किसी भी परिसर में प्रवेश करने से निलंबित कर दिया है और उन्हें राज्य संघ की किसी भी सुविधा का उपयोग करने से रोक दिया है। इन खिलाड़ियों को किसी भी राष्ट्रीय या विदेशी टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति नहीं होगी और अदालत द्वारा सभी आरोपों से बरी किए जाने तक यह निलंबन प्रभावी रहेगा।

तीनों आरोपियों के पास राज्य क्रिकेट निकाय के आचार संहिता अधिकारी / लोकपाल के समक्ष अपील करने का विकल्प है।

भाषा

आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में