जोहानिसबर्ग, छह अगस्त (भाषा) क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने इस साल के अंत में भारतीय महिला टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे के कार्यक्रम में बृहस्पतिवार को संशोधन किया ताकि एक टेस्ट और तीन एकदिवसीय मैच के साथ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच को भी इसमें शामिल किया जा सके।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार एकमात्र टेस्ट मैच नौ से 12 दिसंबर तक खेला जाएगा। इसके बाद 16 से 22 दिसंबर के बीच तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला आयोजित होगी। भारतीय महिला टीम दक्षिण अफ्रीका में एक अतिरिक्त सप्ताह तक रुकेगी और 26 से 30 दिसंबर के बीच तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगी।
टी20 मुकाबले बेनोनी और पोशेफ्स्ट्रूम में खेले जाएंगे। सीएसए का मानना है कि यह श्रृंखला दोनों टीमों के लिए फरवरी में श्रीलंका में आयोजित होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी का बेहतरीन मौका होगी।
सीएसए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) फोलेट्सी मोसेकी ने एक बयान में कहा, ‘‘हमें भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे के संशोधित कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए प्रसन्नता हो रही है। त्योहारों के दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला को शामिल करने से हमारी महिला टीम को अगले वर्ष की शुरुआत में श्रीलंका में होने वाली पहली आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी की सर्वश्रेष्ठ तैयारी का मौका मिलेगा। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीम में से एक है। तीनों प्रारूपों में उनके खिलाफ खेलने का मौका हमारे लिए बेहद अहम होगा क्योंकि हम एक और बड़े आईसीसी टूर्नामेंट की तैयारी कर रहे हैं। ’’
भारतीय महिला टीम ने इस साल मार्च-अप्रैल में दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था जहां उसे पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद दोनों टीमें इंग्लैंड में आयोजित महिला टी20 विश्व कप में आमने-सामने हुईं जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराकर उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।
भाषा नमिता मोना
मोना