अहमदाबाद, आठ मार्च (भाषा) भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को यहां होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप फाइनल के लिए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मैच के दौरान भगदड़ के किसी भी खतरे से बचने के लिए एहतियात के तौर पर पहली बार गेट नंबर एक और दो के पास ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए गए हैं।
अहमदाबाद पुलिस ने मैच के टिकटों की कालाबाजारी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
मौजूदा चैंपियन भारत फाइनल में दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम मोटेरा में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। भारतीय टीम का लक्ष्य टी20 विश्व कप खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम बनने के अलावा तीसरी बार खिताब जीतना है।
अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जीएस मलिक ने कहा, ‘‘बंदोबस्त के तहत करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों और करीब एक हजार होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है। हमने भगदड़ की किसी भी अशंका से बचने के लिए मुख्य सड़क के पास गेट नंबर एक और दो पर होल्डिंग एरिया बनाए हैं। हम मैच के दौरान पहली बार ऐसा कर रहे हैं।’’
मलिक ने कहा कि पुलिस तीन ड्रोन रोधी प्रणाली का इस्तेमाल कर रही है और स्टेडियम में पूरी सुरक्षा के लिए आठ बम निरोधक दस्तों को भी तैनात किया गया है। उन्होंने दर्शकों से स्टेडियम के आसपास भीड़ कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की।
मलिक ने कहा कि मैच के बाद प्रशंसकों को घर लौटने में मदद करने के लिए परिवहन सेवाएं देर रात तक चलेंगी।
महिला दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं।
मैच के दौरान दर्शकों को मैदान में घुसने से रोकने के लिए स्टेडियम के अंदर भी खास इंतजाम किए गए हैं।
मलिक ने कहा कि एक संयुक्त पुलिस आयुक्त और 12 उपायुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी आयोजन स्थल पर सुरक्षा इंतजाम के लिए मौजूद रहेंगे।
भाषा सुधीर मोना
मोना