डरबन, 19 अप्रैल (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला के दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में शिकस्त मिलने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम के मुश्किल दौर से गुजरने को स्वीकार करते हुए कहा कि टीम एकजुट रहते हुए वापसी करेगी।
भारत को रविवार को यहां खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में आठ विकेट से शिकस्त मिली। इस हार से टीम श्रृंखला में 0-2 से पिछड़ गई।
भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 147 रन पर ऑल आउट हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने 17.1 ओवर में दो विकेट पर 148 रन बनाकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
हरमनप्रीत ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘मुश्किल समय है। हमें एक टीम के रूप में एकजुट रहने की जरूरत है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है कि हम (तीसरे मैच के लिए) सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जाएंगे। टी20 प्रारूप ऐसा ही है। इसमें एकजुट रहना जरूरी है।’’
हरमनप्रीत ने कहा कि टीम आखिरी ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी और पावरप्ले में अच्छी गेंदबाजी करने में नाकाम रही।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि बल्ले से हम वैसा योगदान नहीं दे पाए, जैसा हम चाहते थे। पारी के आखिरी दस ओवरों में हमारी बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही। हमें अगले तीन मैचों के लिए रणनीति बनानी होगी। जब आप सही शॉट नहीं लगा पा रहे हों, तो स्ट्राइक रोटेट करना अहम होता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गेंदबाजी करते समय पावरप्ले में हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।’’
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने कहा कि भारत को 147 रनों पर ऑल आउट करना उनकी टीम का अच्छा प्रयास था।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं था। कुछ कैच छूटे, लेकिन हमने भी एक-दो अच्छे कैच पकड़े।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने तेज शुरुआत की थी, ऐसे में उन्हें कम स्कोर पर रोकना शानदार रहा।’’
भाषा आनन्द आनन्द नमिता
नमिता