उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु निरस्त्रीकरण की अमेरिकी मुहिम को बताया ‘बीते दौर का अव्यावहारिक सपना’

Ads

उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु निरस्त्रीकरण की अमेरिकी मुहिम को बताया 'बीते दौर का अव्यावहारिक सपना'

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 08:54 AM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 08:54 AM IST

सियोल, सात जून (एपी) उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की प्रभावशाली बहन किम यो जोंग ने रविवार को कहा कि उत्तर कोरिया को परमाणु हथियारों से मुक्त करने की अमेरिकी कोशिशें ‘‘बीते जमाने का एक अव्यावहारिक सपना’’ है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के नेतृत्व वाले खतरों के बीच उनका देश अपने परमाणु हथियारों के जखीरे का लगातार विस्तार करता रहेगा।

यह बयान ऐसे समय आया है जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग सोमवार को किम जोंग उन के साथ वार्ता के लिए उत्तर कोरिया की यात्रा करने वाले हैं। पिछले सात वर्षों में यह उत्तर कोरिया की उनकी पहली यात्रा होगी।

किम यो जोंग ने कहा, ‘‘उत्तर कोरिया को परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में प्राप्त दर्जे को चुनौती देने वाले अमेरिका के दावों का कोई कानूनी महत्व नहीं है और न ही कोई देश अमेरिका की एकतरफा बयानबाजी का पालन करने के लिए बाध्य है।’’

उन्होंने पिछले महीने बीजिंग में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और शी चिनफिंग की शिखर वार्ता के बाद अमेरिका द्वारा किए गए उस दावे को ‘‘झूठी जानकारी’’ बताया, जिसमें कहा गया था कि दोनों नेताओं ने उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण के साझा लक्ष्य की पुष्टि की है।

उत्तर कोरियाई नेता की बहन ने कहा, ‘‘अमेरिका के कुछ अधिकारी अब भी वास्तविकता से दूर और बीते जमाने के सपनों से जाग नहीं पाए हैं।’’

वर्ष 2019 में किम जोंग उन और तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच उच्चस्तरीय कूटनीतिक वार्ता विफल होने के बाद से उत्तर कोरिया अपने परमाणु हथियार कार्यक्रम के विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि किम जोंग उन चाहते हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय उत्तर कोरिया को एक परमाणु शक्ति के रूप में मान्यता दे, ताकि वह देश पर लगे अंतरराष्ट्रीय आर्थिक प्रतिबंध हटाने की मांग कर सकें।

एपी गोला सुरभि

सुरभि

सुरभि