उर्विल ने सुपरजायंट्स के खिलाफ 13 गेंद में अर्धशतक जड़ आईपीएल रिकॉर्ड की बराबरी की

उर्विल ने सुपरजायंट्स के खिलाफ 13 गेंद में अर्धशतक जड़ आईपीएल रिकॉर्ड की बराबरी की

उर्विल ने सुपरजायंट्स के खिलाफ 13 गेंद में अर्धशतक जड़ आईपीएल रिकॉर्ड की बराबरी की
Modified Date: May 10, 2026 / 06:58 pm IST
Published Date: May 10, 2026 6:58 pm IST

चेन्नई, 10 मई (भाषा) चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के बल्लेबाज उर्विल पटेल ने रविवार को यहां लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ मुकाबले में मात्र 13 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

दाएं हाथ के बल्लेबाज उर्विल ने भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड की बराबरी की। जायसवाल ने 2023 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 13 गेंदों में अर्धशतक बनाकर यह रिकॉर्ड कायम किया था।

आईपीएल इतिहास में दूसरी सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से केएल राहुल, पैट कमिंस और रोमारियो शेफर्ड के नाम है, जिन्होंने 14 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे उर्विल ने आवेश खान के खिलाफ लगातार तीन छक्के जड़कर तूफानी शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने पारी के छठे ओवर में दिग्वेश राठी पर हमला बोलते हुए 25 रन बटोरे जिसमें तीन और छक्के तथा एक चौका शामिल था।

उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी नहीं बख्शा और मिडविकेट की दिशा में लंबा छक्का लगाया। उर्विल ने अपनी पारी की 13वीं गेंद पर ऑफ साइड में एक रन लेकर अर्धशतक पूरा किया।

घरेलू क्रिकेट में गुजरात का प्रतिनिधित्व करने वाले 27 वर्षीय उर्विल भारत-ए टीम के लिए भी खेल चुके हैं। उन्होंने अपने अधिकांश छक्के लॉन्ग-ऑन और मिडविकेट क्षेत्र में लगाए।

अर्धशतक पूरा करने के बाद उर्विल ने अपनी इस उपलब्धि को अपने पिता को समर्पित किया। उन्होंने जेब से एक कागज निकाला, जिस पर लिखा था, “यह आपके लिए है पापा।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में