वाणी कपूर ने जीता हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर के नौंवे चरण का खिताब
वाणी कपूर ने जीता हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर के नौंवे चरण का खिताब
होसुर, 10 जुलाई (भाषा) भारतीय गोल्फर वाणी कपूर ने शुक्रवार को यहां अंतिम दौर के आखिरी 10 होल में पांच बर्डी लगाकर शानदार प्रदर्शन करते हुए हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर (डब्ल्यूपीजीटी) के नौंवे चरण का खिताब अपने नाम किया।
वाणी ने पहले दो दौर में 70 और 68 के कार्ड खेले थे और अंतिम दौर में पांच अंडर 67 का कार्ड हासिल किया। उनका कुल स्कोर 11 अंडर रहा जिससे वह युवा अन्वी दहिया (70-69-69) से तीन शॉट आगे रहीं। अन्वी अपने पहले पेशेवर टूर्नामेंट में जीत हासिल करने की कोशिश में जुटी थीं और संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं।
अमनदीप द्राल (68-68-72) 36 होल के बाद बढ़त बनाए थीं लेकिन अंतिम दिन सातवें होल में बोगी और आठवें होल में डबल बोगी से पिछड़ गईं। इसके बाद उन्होंने 14वें होल में भी एक डबल बोगी की। 10वें होल में ईगल के बावजूद वह शुरू में खराब प्रदर्शन की भरपाई नहीं कर सकीं।
अन्वी और अमनदीप आठ अंडर के कुल स्कोर से संयुक्त दूसरे स्थान पर रहीं। टूर्नामेंट में 58 खिलाड़ियों में से 35 ने 36 होल में कट में जगह बनाई थी।
जैस्मीन शेखर (72-67-70) और नयनिका सांगा (73-66-70) संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहीं।
इस सत्र में तीन बार की विजेता रिद्धिमा दिलावड़ी संयुक्त रूप से नौंवे स्थान पर रहीं।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


