यूटीटी की नीलामी में कई शीर्ष खिलाड़ी शामिल

Ads

यूटीटी की नीलामी में कई शीर्ष खिलाड़ी शामिल

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 04:40 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 04:40 PM IST

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) भारत के शीर्ष खिलाड़ी मानव ठक्कर, मानुष शाह और दीया चितले सहित देश और विदेश के कई शीर्ष खिलाड़ी अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) की अगले सप्ताह होने वाली नीलामी में शामिल होंगे जबकि दिग्गज खिलाड़ी साथियान ज्ञानसेकरन और मनिका बत्रा को उनकी फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम में बनाए रखा है।

यह प्रतियोगिता नौ से 26 जुलाई तक गोवा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।

नीलामी 28 अप्रैल को मुंबई में होगी जिसमें भारतीय खिलाड़ियों के अलावा कई शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए भी बोली लगेगी।

ठक्कर और शाह पिछले साल अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण इस प्रतियोगिता में भाग नहीं दे पाए थे। पुरुष युगल में यह जोड़ी वर्तमान में विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है। शाह मिश्रित युगल में चितले के साथ जोड़ी बनाते हैं। यह जोड़ी विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर है और डब्ल्यूटीटी फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय बनकर इतिहास रच चुकी है।

दबंग दिल्ली टीटीसी ने साथियान को जबकि अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स ने बत्रा को रिटेन किया है। अंकुर भट्टाचार्जी और युगल विशेषज्ञ आकाश पाल को क्रमशः कोलकाता थंडरब्लैड्स और यू मुंबई टीटी ने रिटेन किया।

डेम्पो गोवा चैलेंजर्स और पीबीजी पुणे जगुआर्स ने अपने किसी भी खिलाड़ी को रिटेन नहीं किया है। यह दोनों फ्रेंचाइजी नई टीम यूपी प्रोमेथियंस के साथ पूरी राशि के साथ नीलामी में उतरेंगी।

भाषा

पंत

पंत