पणजी, 17 जुलाई (भाषा) एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता अयहिका मुखर्जी ने अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सातवें सत्र में ऑस्ट्रिया की स्टार खिलाड़ी सोफिया पोलकानोवा को उनकी पहली हार का स्वाद चखाया और इसके साथ ही एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स ने शुक्रवार को अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स को 9-6 से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
अयहिका ने सोफिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-1 (8-11, 11-8, 11-3) से जीत हासिल की। कोलकाता की टीम इससे प्लेऑफ की दौड़ में और मजबूत स्थिति में पहुंच गई।
अंकुर भट्टाचार्जी और अयहिका की जोड़ी ने मिश्रित युगल मुकाबले में पायस जैन और सोफिया पोलकानोवा को 2-1 (11-9, 11-3, 4-11) से हराया।
इसके बाद एडुआर्ड इओनेस्कु ने पायस जैन को सीधे गेम में 3-0 (11-7, 11-6, 11-7) से हराकर कोलकाता की बढ़त मजबूत कर दी।
अंत में अयहिका ने अपनी जीत के साथ टीम की सफलता सुनिश्चित कर दी।
अन्य मुकाबलों में कोलकाता के अंकुर भट्टाचार्जी को एड्रियन रासेनफॉसे के खिलाफ 1-2 (11-10, 10-11, 10-11) से हार का सामना करना पड़ा जबकि जेंग जियान को अहमदाबाद की मनिका बत्रा ने 2-1 (11-7, 6-11, 11-10) से पराजित किया।
दिन के दूसरे मुकाबले में दबंग दिल्ली टीटीसी का सामना डेम्पो गोवा चैलेंजर्स से होगा।
भाषा नमिता
नमिता
नमिता