नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) देश की शीर्ष स्तर की महिला फुटबॉल प्रतियोगिता ‘इंडियन वुमैन्स लीग’ (आईडब्ल्यूएल) का नया सत्र अगले महीने शुरू होगा। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नया सत्र 16 अक्टूबर से शुरू होगा। पिछले सत्र की छह टीम ईस्ट बंगाल एफसी, सेतु एफसी, किकस्टार्ट एफसी, नीता एफए, गोकुलम केरला एफसी और गढ़वाल यूनाइटेड एफसी के साथ प्रमोट हुई एचओपीएस एफसी और जुबा सांघा एफसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
आईडब्ल्यूएल-2 का ग्रुप चरण 23 अक्टूबर से शुरू होगा जिसमें 20 टीम को पांच-पांच टीमों के चार समूहों में बांटा जाएगा।
चारों ग्रुप की विजेता टीम और दूसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीम को छह टीम के फाइनल दौर में जगह मिलेगी। फाइनल दौर की शुरुआत 25 नवंबर से होगी।
एआईएफएफ की लीग समिति ने आईडब्ल्यूएल और आईडब्ल्यूएल-2 दोनों के लिए न्यूनतम कोचिंग लाइसेंस की आवश्यकताओं को बढ़ाने को भी मंजूरी दी है। ये नियम 2027-28 सत्र से लागू होंगे।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द