कड़े मुकाबले में वैष्णवी की हार से इंडोनेशिया ने बीजेकेसी में भारत पर बनाई बढ़त
कड़े मुकाबले में वैष्णवी की हार से इंडोनेशिया ने बीजेकेसी में भारत पर बनाई बढ़त
नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) भारत की वैष्णवी आडकर की संघर्षपूर्ण चुनौती बिली जीन किंग कप के एशिया ओशियाना ग्रुप एक मुकाबले में बृहस्पतिवार को यहां इंडोनेशिया की प्रिस्का मेडेलिन नुग्रोहो से शुरुआती एकल मैच में हार के साथ समाप्त हुई।
इस हार के साथ ही भारत 0-1 से पीछे हो गया।
विश्व रैंकिंग में 391वें पायदान पर काबिज पुणे की 21 वर्षीय खिलाड़ी ने मुकाबले में पूरा दमखम दिखाया लेकिन 419वीं रैंकिंग वाली प्रिस्का की चुनौती से पार नहीं पा सकीं। वह डीएलटीए स्टेडियम में तीन घंटे छह मिनट तक चले मुकाबले में 7-6 (3), 6-7 (3), 3-6 से हार गईं।
मुकाबले में भारत की वापसी का दारोमदार अब साहजा यमलापल्ली पर है। सहजा के सामने विश्व रैंकिंग में 41वें स्थान पर काबिज जेनिस ट्येन की कठिन चुनौती है।
युगल मुकाबले में अंकिता रैना और ऋतुजा भोसले की जोड़ी का सामना एल्डिला सुट्जियादी और जेनिस की जोड़ी से होगा।
इससे पहले भारत ने न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया था, जबकि बुधवार को उसे थाईलैंड के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
इस प्रतियोगिता से केवल शीर्ष दो टीम प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई करेंगी, जबकि निचली दो टीमों को 2027 के लिए ग्रुप-2 में भेज दिया जाएगा।
भारत इस ग्रुप में इंडोनेशिया, कोरिया, मंगोलिया, न्यूजीलैंड और थाईलैंड के साथ शामिल है।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


