वॉलीबाल विद्रोह: दो भारतीय खिलाड़ियों ने कई मुद्दों का हवाला देते हुए अहमदाबाद शिविर छोड़ा

Ads

वॉलीबाल विद्रोह: दो भारतीय खिलाड़ियों ने कई मुद्दों का हवाला देते हुए अहमदाबाद शिविर छोड़ा

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 07:58 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 07:58 PM IST

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) भारतीय वॉलीबाल में उस समय उथल-पुथल मच गई जब दो अनुभवी खिलाड़ियों ने ‘अक्षम कोचिंग’, विदेशी कोच ड्रागन मिहाइलोविच को हटाने, ‘खराब और अवैज्ञानिक सुविधाओं’ तथा चयन में ‘राजनीति’ का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय शिविर छोड़ दिया।

‘लिबरो (रक्षात्मक स्थान के विशेषज्ञ)’ आनंद के और ‘मिडिल-ब्लॉकर’ जॉन जोसेफ ने रविवार को अहमदाबाद स्थित शिविर से अलग होने का फैसला किया। खिलाड़ियों का कहना है कि भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) केंद्र में बेहतर सुविधाओं की मांग को लेकर भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) को भेजा गया उनका गोपनीय पत्र भारतीय वॉलीबॉल महासंघ (वीएफआई) तक लीक हो गया।

भारतीय वॉलीबॉल महासंघ ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे “राजनीति का खेल” बताया है।

आनंद के ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि उन्हें विभिन्न मुद्दों पर भेजे गए “सात से आठ ई-मेल” के लिए माफी मांगने और उन्हें नकारने को कहा गया, लेकिन महासंघ द्वारा संभावित प्रतिबंध के खतरे के बावजूद उन्होंने इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे करियर के लिए बहुत बुरा होगा, लेकिन सच्चाई यह है कि हमें इस तरह नहीं खेलना चाहिए। कोई विश्लेषण नहीं, कोई सुधार नहीं, कोचों को कुछ नहीं पता, वे 1950 के दशक में जी रहे हैं। जो कोच टीम में फर्क ला रहा था (सर्बिया के ड्रागन मिहाइलोविच) उसे बिना किसी स्पष्ट कारण के हटा दिया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम को रैंकिंग नहीं मिली थी, लेकिन पिछले साल उज्बेकिस्तान में हुए मध्य एशियाई वॉलीबॉल संघ (सीएवीए) टूर्नामेंट में हम उपविजेता रहे। हमें सुधार की जरूरत है। हर देश विकास कर रहा है, लेकिन हम इस तरह की हरकतें करके पिछड़ रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी शिविर में यही महसूस करते हैं, लेकिन अन्य खिलाड़ी जॉन और मेरी तरह खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं।’’

वीएफआई ने कहा कि उसे दोनों खिलाड़ियों के शिविर छोड़ने की जानकारी नहीं है और इस बात से इनकार किया कि उन पर दबाव डाला गया।

वीएफआई के एक शीर्ष अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ द्वारा संपर्क करने पर गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘‘अभी बहुत राजनीति चल रही है, मैं बस इतना ही कहूंगा।’’

वीएफआई के संचालन की देखरेख वर्तमान में एक संचालन समिति कर रही है, जिसमें आईओए और अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ (एफआईवीबी) के अधिकारी शामिल हैं। संचालन समिति में आईओए कार्यकारी परिषद के सदस्य रोहित राजपाल, सीईओ रघुराम अय्यर, एफआईवीबी के खेल महानिदेशक स्टीव टटन, एफआईवीबी के कानूनी मामलों के प्रमुख और महाधिवक्ता स्टीफन बॉक और हितेश मल्होत्रा शामिल हैं।

जॉन ने एक अलग बातचीत में आनंद के के बयानों से सहमति जताते हुए कहा कि उन्हें निराश किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी शिकायतों पर कायम हूं।’’

आनंद के ने कहा कि सुविधाओं और कोचिंग की बुनियादी समस्याओं के अलावा शिविर में ‘अयोग्य खिलाड़ियों’ की भरमार है।

अहमदाबाद के नरनपुरा स्थित वीर सावरकर खेल परिसर में 20 से 28 जून तक एशियाई वॉलीबॉल परिसंघ पुरुष कप आयोजित होगा जिसमें 12 देशों के भाग लेने की संभावना है।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर