नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे जबकि नीतीश कुमार रेड्डी और तेज गेंदबाज हर्षित राणा का चोटिल होने के कारण दोनों टेस्ट मैच में खेलना संदिग्ध है।
भारत अगले महीने श्रीलंका का दौरा करेगा, जहां वह दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगा। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल में जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो (एसएससी) में खेला जाएगा।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने बताया कि पूरी फिटनेस हासिल करने के बाद ही वाशिंगटन दूसरे टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस महीने की शुरुआत में भारत के इंग्लैंड दौरे के दौरान इस स्पिनर के पैर में चोट लग गई थी।
भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 30 जुलाई तक आराम करेंगे और उसके बाद बेंगलुरु में बीसीसीआई के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में रिपोर्ट करेंगे।
शीर्ष क्रम के बल्लेबाज बी साई सुदर्शन की उपलब्धता भी उनकी फिटनेस पर निर्भर करती है, लेकिन बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के जल्द ठीक होने की संभावना है।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर