नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर निर्णय से तय होगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।
विश्लेषकों के अनुसार, इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही के कंपनियों के नतीजों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘अमेरिका-ईरान संघर्ष, होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाली जहाजों की आवाजाही और कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव वैश्विक बाजारों की धारणा को प्रभावित करेंगे। वहीं, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक समीक्षा बैठक में ब्याज दरों और महंगाई पर दिए जाने वाले संकेत निवेशकों के लिए अहम रहेंगे।
उन्होंने कहा कि घरेलू स्तर पर निवेशक जून महीने के औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) के आंकड़ों पर भी नजर रखेंगे, क्योंकि इससे अर्थव्यवस्था की रफ्तार का संकेत मिलेगा।
स्वस्तिका इन्वेस्टस्मार्ट लिमिटेड के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौड़ ने कहा कि इस सप्ताह कई बड़ी कंपनियां अपने तिमाही परिणाम घोषित करेंगी। इनमें कोल इंडिया, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (बीईएल), लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदाणी एंटरप्राइजेज, एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, आईटीसी और सन फार्मा प्रमुख हैं। इन कंपनियों के परिणामों का बाजार की दिशा पर सीधा असर पड़ सकता है।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने महंगाई, आर्थिक वृद्धि तथा मौद्रिक नीति को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। इससे निवेशकों का रुख फिलहाल सतर्क बना हुआ है।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक इस सप्ताह का सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक घटनाक्रम है। हालांकि, बाजार को उम्मीद है कि फेडरल रिजर्व फिलहाल ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा, लेकिन ईंधन कीमतों में तेजी के कारण महंगाई के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की आशंका बढ़ी है। ऐसे में फेड की ओर से महंगाई, आर्थिक वृद्धि और भविष्य की मौद्रिक नीति पर दिए जाने वाले संकेतक बाजार के लिए अधिक महत्वपूर्ण होंगे।
पिछले सप्ताह घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। बीएसई के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में 2,091.68 अंक यानी 2.67 प्रतिशत की गिरावट रही और एनएसई का निफ्टी 566.85 अंक यानी 2.32 प्रतिशत घट गया।
भाषा यासिर अजय
अजय