होप्स और ग्रीव्स की शानदर साझेदारी से श्रीलंका के खिलाफ वेस्टइंडीज का पलटवार

होप्स और ग्रीव्स की शानदर साझेदारी से श्रीलंका के खिलाफ वेस्टइंडीज का पलटवार

होप्स और ग्रीव्स की शानदर साझेदारी से श्रीलंका के खिलाफ वेस्टइंडीज का पलटवार
Modified Date: July 6, 2026 / 10:58 am IST
Published Date: July 6, 2026 10:58 am IST

नार्थ साउंड , छह जुलाई (एपी) कप्तान शाई होप और जस्टिन ग्रीव्स के बीच पांचवें विकेट के लिए 174 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन रविवार का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 318 रन बना लिए।

टीम अब भी श्रीलंका के नौ विकेट पर 549 रन पर पारी घोषित स्कोर से 231 रन पीछे है।

धीमी रफ्तार से आगे बढ़े दिन के खेल में केवल तीन विकेट गिरे, जबकि कुल 260 रन बने। टेस्ट के पहले तीन दिनों में अब तक सिर्फ 13 विकेट ही गिरे हैं, जो बल्लेबाजों के अनुकूल पिच का संकेत है।

स्टंप्स के समय होप 86 और ग्रीव्स 85 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। दोनों अपने-अपने टेस्ट करियर के क्रमशः पांचवें और तीसरे शतक की ओर बढ़ रहे हैं। साथ ही उनकी नजर न्यूजीलैंड के खिलाफ दिसंबर में क्राइस्टचर्च में बनाई गई 196 रन की अपनी सर्वोच्च साझेदारी के रिकॉर्ड पर भी है।

वेस्टइंडीज दो मैचों की श्रृंखला में पहले टेस्ट में पारी और 217 रन की बड़ी जीत के बाद 1-0 से आगे है। ऐसे में तीसरे दिन श्रीलंका पर मैच में बढ़त बनाने की जिम्मेदारी थी, लेकिन सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम की सपाट पिच पर उसके गेंदबाजों को विकेट हासिल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

रविवार के पहले सत्र में केवल एक विकेट गिरा। जॉन कैंपबेल (72) और कावेम हॉज (31) ने दूसरे विकेट के लिए 89 रन जोड़कर वेस्टइंडीज की पारी को मजबूती दी। टीम ने दिन की शुरुआत एक विकेट पर 58 से की थी।

स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने करीब चार ओवर के अंतर कैंपबेल और आमिर जंगू (09) को आउट कर श्रीलंका को वापसी दिलाई। उस समय वेस्टइंडीज़ का स्कोर चार विकेट पर 144 रन था और पारी संकट में दिखाई दे रही थी। हालांकि होप और ग्रीव्स ने इसके बाद श्रीलंकाई गेंदबाजों को कोई और सफलता नहीं मिलने दी और दिनभर डटे रहे।

होप ने 90 गेंदों में पांच चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि ग्रीव्स ने 85 गेंदों में छह चौकों के साथ पचासा जड़ा। पूरे दिन मेहनत करने वाले जयसूर्या ने 36 ओवर में 77 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

इससे पहले कैंपबेल ने अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 154 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 72 रन बनाए, लेकिन लंच से ठीक पहले असिथा फर्नांडो की शॉर्ट गेंद पर मिडविकेट पर कैच थमा बैठे।

दूसरे छोर पर हॉज ने बेहद संयमित बल्लेबाजी की। उन्होंने 139 गेंदों में 31 रन बनाए ।

इससे पहले श्रीलंका ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 549 रन पर घोषित की थी। लाहिरु उदारा ने शानदार 188 रन बनाए, जबकि कमिंदु मेंडिस, कुसल मेंडिस और सोनल दिनुषा ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलीं। वेस्टइंडीज़ की धरती पर यह श्रीलंका का पहला 500 से अधिक का टेस्ट स्कोर है।

कैंपबेल ने दिन की शुरुआती सत्र में आक्रामक अंदाज अपनाया। तेज गेंदबाजों की शॉर्ट गेंदों पर खुलकर रन बटोरे। उन्होंने फर्नांडो की गेंद पर मिडविकेट के ऊपर शानदार छक्का जड़ा और फिर मिलान रत्नायके की गेंद पर पुल शॉट खेलकर चौका लगाते हुए 100 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

एपी आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में