वोलवार्ट का नाबाद अर्धशतक, दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 156 रन का लक्ष्य दिया

वोलवार्ट का नाबाद अर्धशतक, दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 156 रन का लक्ष्य दिया

वोलवार्ट का नाबाद अर्धशतक, दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 156 रन का लक्ष्य दिया
Modified Date: April 27, 2026 / 07:57 pm IST
Published Date: April 27, 2026 7:57 pm IST

बेनोनी (दक्षिण अफ्रीका), 27 अप्रैल (भाषा) बेहतरीन फॉर्म में चल रही कप्तान लॉरा वोलवार्ट की नाबाद 92 रन की पारी से दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ सोमवार को यहां पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में छह विकेट पर 155 रन बनाए।

शुरुआती चार मैच में एक शतक और दो अर्धशतक जड़ चुकी वोलवार्ट ने 26 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के मारे। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए लेकिन वोलवार्ट एक छोर पर डटी रहीं।

वोलवार्ट ने पारी की अंतिम दो गेंद पर दीप्ति शर्मा पर छक्कों के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।

इससे पहले श्री चरणी (22 रन पर दो विकेट) और दीप्ति (37 रन पर दो विकेट) की भारत की स्पिन जोड़ी ने बीच के ओवरों में रन गति पर अंकुश लगाया जिससे दक्षिण अफ्रीका की टीम बड़े स्कोर तक पहुंचने में नाकाम रहीं। रेणुका सिंह (21 रन पर दो विकेट) ने भी डेथ ओवरों में प्रभावी गेंदबाजी की।

बाएं हाथ की युवा की स्पिनर श्री चरणी ने लगातार ओवरों में सुने लुस (23) और तेजमिन ब्रिट्स (02) को आउट किया जिससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर नौवें ओवर में बिना किसी नुकसान के 75 रन से तीन विकेट पर 82 रन हो गया।

इसके बाद रेणुका ने पारी के अंतिम ओवरों में कहर बरपाया और तीन गेंदों के भीतर दो विकेट झटके।

वोलवार्ट ने हालांकि संयम बनाए रखा और एक छोर पर डटी रहीं। वह शुरू से ही बेहतरीन लय में दिखीं। उन्होंने क्रांति गौड़ के पहले ही ओवर में दो चौकों से 11 रन बटोरे और फिर वोलवार्ट पर भी दो चौके मारे।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने श्री चरणी के जरिए स्पिन आक्रमण की शुरुआत की लेकिन वोलवार्ट ने क्रीज से बाहर निकलकर उन पर चौका जड़ दिया।

दूसरे छोर पर लुस ने वोलवार्ट का बखूबी साथ निभाया।

दक्षिण अफ्रीका ने पावर प्ले में बिना किसी नुकसान के 49 रन बनाए। एक जीवनदान मिलने के बाद लुस ने दीप्ति पर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ दिया।

भारत को आखिरकार तब सफलता मिली जब श्री चरणी ने गति और उछाल से लुस को चकमा दिया और ऋचा घोष ने थोड़ी सी चूक के बाद उन्हें स्टंप कर दिया।

इसके बाद रन गति में गिरावट आई। श्री चरणी ने अपने अगले ओवर में ब्रिट्स को बोल्ड कर दिया।

इसके बाद दीप्ति ने वापसी करते हुए एनेरी डर्कसेन (00) को आउट करके दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया।

इस तरह नौवें से 12वें ओवर के बीच दक्षिण अफ्रीका ने सिर्फ 14 रन बनाकर तीन विकेट गंवा दिए।

भाषा सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में