विश्व कप चुनौतीपूर्ण होगा लेकिन हमारा लक्ष्य इस खिताब को जीतना: स्नेह राणा
विश्व कप चुनौतीपूर्ण होगा लेकिन हमारा लक्ष्य इस खिताब को जीतना: स्नेह राणा
मुंबई, 22 सितंबर (भाषा) भारतीय स्पिन गेंदबाजी हरफनमौला स्नेह राणा ने कहा कि घरेलू मैदान पर महिला एकदिवसीय विश्व कप खेलना चुनौतीपूर्ण होगा लेकिन उनकी टीम यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीतने के लिए कमर कस चुकी है।
टूर्नामेंट के सह-मेजबान भारत और श्रीलंका 30 सितंबर को गुवाहाटी में प्रतियोगिता के शुरुआती मैच में आमने-सामने होंगे। भारत ने अभी तक कभी विश्व कप नहीं जीता है।
राणा ने ‘जियोस्टार’ को बताया, ‘‘ हम घरेलू मैदान पर खेलने वाले वाले हैं। यह दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण होने वाला है। यह एक खास एहसास है। यह हरमन दीदी (हरमनप्रीत कौर) के लिए और भी खास है क्योंकि वह इतने सालों से क्रिकेट खेल रही हैं। हमारा लक्ष्य इस विश्व कप को जीतना है। ’’
कोच अमोल मजूमदार का पहला विश्व कप है।
अनुभवी हरफनमौला दीप्ति शर्मा ने कहा कि यह मुख्य कोच अमोल मजूमदार के लिए भी एक ‘महत्वपूर्ण’ टूर्नामेंट होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी हम कोई द्विपक्षीय श्रृंखला खेलते हैं तो विश्व कप ट्रॉफी हमारे दिमाग में आती रहती है और यह अमोल मजूमदार सर का पहला विश्व कप है। ऐसे में यह महत्वपूर्ण और खास है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत में दर्शकों से भरे स्टेडियम में खेलने जा रहे हैं और यह एक यादगार अभियान होने वाला है और हम इसके लिए तैयार हैं।’’
राणा और विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष दोनों ने भारतीय खिलाड़ियों को ‘एक्सपोजर’ देने के लिए महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) को श्रेय दिया।
राणा ने कहा, ‘‘यह हमें दुनिया भर के शीर्ष-श्रेणी के खिलाड़ियों के साथ और उनके खिलाफ खेलने का मंच देता है। आपको शीर्ष विदेशी कोचों, उनकी रणनीतियों, उनकी सोच और अहम मौकों पर उनकी प्रतिक्रिया से सीखने को भी मिलता है।’’
ऋचा ने कहा, ‘‘विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलने से भी बहुत मदद मिलती है। उनकी योजनाएं और रणनीतियां बहुत अलग हैं और यह जानने से मुझे फायदा होता है। यह मुझे समझने में मदद करता है कि अगर मैं उनके साथ या उनके खिलाफ खेलती हूं तो उनकी रणनीति को अंदाजा लगा सकती हूं।’’
भाषा आनन्द मोना
मोना

Facebook


