नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) भारत के वीर चोटरानी मिस्र के गीजा में चल रही विश्व स्क्वाश चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग के दूसरे दौर में मेजबान देश के विश्व में नंबर एक खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन मुस्तफा असल से हार गए।
विश्व रैंकिंग में 45वें स्थान पर काबिज चोटरानी को 5-11, 2-11, 4-11 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे विश्व चैंपियनशिप में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई। इससे पहले अन्य भारतीय खिलाड़ी अभय सिंह, रमित टंडन और वेलवन सेंथिलकुमार पहले दौर में हार गए थे।
असल ने मैच के बाद पीएसए टूर की वेबसाइट से कहा, ‘‘वीर उन खिलाड़ियों में से एक है जो किसी भी क्षण आपको चौंका सकता है, इसलिए आज की जीत से मैं वास्तव में बहुत खुश हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने जूनियर स्तर पर भी कई मैच खेले हैं और विश्व जूनियर चैंपियनशिप में भी हिस्सा लिया है। हम न्यूयॉर्क में एक साथ अभ्यास करते हैं और मुझे खुशी है कि उसने यहां अपने सर्वश्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन किया।’’
भाषा
पंत
पंत