गिल को विम्बलडन के रॉयल बॉक्स से मुकाबले देखने का निमंत्रण मिला

Ads

गिल को विम्बलडन के रॉयल बॉक्स से मुकाबले देखने का निमंत्रण मिला

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 05:24 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 05:24 PM IST

लंदन, 10 जुलाई (भाषा) भारतीय टेस्ट और एकदिवसीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को विम्बलडन के प्रतिष्ठित रॉयल बॉक्स से मुकाबले देखने का विशेष निमंत्रण मिला है जिससे वह इस सम्मान को पाने वाले भारत के चुनिंदा कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं।

गिल यह सम्मान हासिल करने वाले चौथे भारतीय कप्तान बन गए हैं। उन से पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और रोहित शर्मा को ही रॉयल बॉक्स से विम्बलडन देखने का गौरव प्राप्त हुआ था।

इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर मौजूद शुभमन गिल आगामी तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला की तैयारियों में जुटे हैं। इससे पहले उन्होंने ब्रिटेन के सिल्वरस्टोन सर्किट में आयोजित प्रतिष्ठित ब्रिटिश ग्रां प्री का भी लुत्फ उठाया।

छब्बीस वर्षीय गिल ने पहली बार ‘वीआईपी’ अतिथि के रूप में फॉर्मूला-वन रेस का अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने ‘पैडॉक’ का दौरा किया, फॉर्मूला-वन जगत से जुड़े कई लोगों से मुलाकात की और मोटरस्पोर्ट के इस प्रतिष्ठित आयोजन के विशेष माहौल का आनंद लिया।

भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां एवं अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला शनिवार को साउथम्प्टन में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें गिल की अगुवाई में तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में आमने-सामने होंगी।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता