नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को बताया कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का पांचवां सत्र 14 जनवरी से सात फरवरी 2027 तक खेला जाएगा और इसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगी।
बीसीसीआई ने हालांकि अभी डब्ल्यूपीएल के आयोजन के लिए मेजबान शहरों के नामों का खुलासा नहीं किया है।
बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ‘‘महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी टी20 लीग के रूप में टाटा डब्ल्यूपीएल ने इस खेल के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। यह लीग भारत और दुनिया भर की शीर्ष खिलाड़ियों को एक साथ लाने के साथ उभरती प्रतिभाओं को शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन करने के अवसर भी प्रदान करती है।’’
खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तारीख 28 सितंबर तय की गई है।
बीसीसीआई ने कहा कि पांचों फ्रेंचाइजी को अपने मौजूदा दल के खिलाड़ियों को बरकरार रखने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही वे आगामी सत्र के लिए अपने टीम संयोजन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू करेंगी।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर