वरुण चक्रवर्ती चोटिल होने के कारण एशियाई खेलों से बाहर, विपराज लेंगे जगह

Ads

वरुण चक्रवर्ती चोटिल होने के कारण एशियाई खेलों से बाहर, विपराज लेंगे जगह

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 02:19 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 02:19 PM IST

(कुशान सरकार)

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) अनुभवी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती बाजू में खिंचाव के कारण एशियाई खेलों से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह लेग स्पिन ऑलराउंडर विपराज निगम को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

एशियाई खेल 19 सितंबर को जापान के आइची-नागोया में शुरू होंगे।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘वरुण अनिश्चितकाल के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। विपराज निगम और कुलदीप यादव के रूप में हमारे पास दो विकल्प थे। कुलदीप इस महीने के आखिर में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला खेलेंगे।’’

चक्रवर्ती अफगानिस्तान के खिलाफ चल रही टी20 श्रृंखला के पहले मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। उन्हें पूर्ण फिटनेस हासिल करने में अभी कुछ समय लगने की संभावना है।

आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले 22 वर्षीय निगम ने अब तक लीग में 19 मैच खेले हैं और 13 विकेट लिए हैं।

इस 21 वर्षीय इस खिलाड़ी ने लंबे शॉट लगाने की अपनी काबिलियत का भी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में लगभग 176 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

एशियाई खेलों में पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी। भारत क्वार्टर फाइनल से शुरुआत करेगा।

चक्रवर्ती का नाम वापस लेना भारत के लिए एक बड़ा झटका है क्योंकि यह 35 वर्षीय खिलाड़ी अफगानिस्तान श्रृंखला से पहले मांसपेशियों में खिंचाव से उबरने के बाद राष्ट्रीय टीम में वापस लौटा था।

पहले टी20 मैच के बाद वह असहज महसूस कर रहे थे। इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए उन्हें बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में वापस भेज दिया गया।

भाषा

पंत मोना

मोना