लखनऊ, 22 जून (भाषा) बिहार का कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया जिस पर कुल 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह दो उपनिरीक्षकों समेत सात लोगों की हत्या के मामलों में वांछित था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस महानिदेशक (एसटीएफ एवं कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने एक बयान में कहा कि 21 और 22 जून की मध्यरात्रि को सरसावा-नकुड़ रोड पर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व वाली टीम के साथ हुई मुठभेड़ में ललन सिंह को गोली लग गई।
उन्होंने बताया कि उसे पहले सरसावा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में सहारनपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एडीजी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
उन्होंने बताया कि बिहार के समस्तीपुर जिले का निवासी ललन सिंह आठ नवंबर 2022 को वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सर्विस पिस्तौल लूटने के मामले में वांछित था। इसके अलावा, एक नवंबर 2022 को चंदौली में हुई गोलीबारी और लूट की घटना में भी उसकी तलाश थी।
पुलिस के अनुसार, ललन सिंह दो उपनिरीक्षक और एक बैंक कैशियर समेत सात लोगों की हत्या के मामलों में शामिल था। उस पर बैंक डकैती, कैश वैन लूट तथा सरकारी हथियार लूटने जैसे गंभीर आरोप भी थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाराणसी के पुलिस आयुक्त ने उस पर एक लाख रुपये और चंदौली के पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने बताया कि ललन सिंह अपने भाइयों और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था।
भाषा आनन्द
रंजन खारी
खारी