यशवीर को भाला फेंक में रजत, रोहित को कांस्य

Ads

यशवीर को भाला फेंक में रजत, रोहित को कांस्य

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 06:38 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 06:38 PM IST

नागोया, 28 सितंबर (भाषा) भारत के यशवीर सिंह और रोहित यादव ने सोमवार को यहां एशियाई खेलों की पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया और भारत को इस स्पर्धा में दोहरी सफलता दिलाई।

हरियाणा के 24 वर्षीय यशवीर ने अपने छठे और अंतिम प्रयास में 85.72 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए हमवतन रोहित यादव को पीछे छोड़कर रजत पदक अपने नाम किया।

उत्तर प्रदेश के 25 वर्षीय रोहित ने 84.35 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर कांस्य पदक जीता।

श्रीलंका के स्टार खिलाड़ी रुमेश पथिरागे ने 88.33 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया।

यशवीर ने इस साल ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था जबकि रोहित यादव वहां पदक जीतने में नाकाम रहे थे।

दोनों भारतीय खिलाड़ियों को भाला फेंक स्पर्धा में पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। मौजूदा चैंपियन और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को लिगामेंट में लगी चोट के कारण एशियाई खेलों से हटना पड़ा था।

मौजूदा ओलंपिक चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 80.29 मीटर का सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया लेकिन वह चौथे स्थान पर रहे।

भाषा सुधीर मोना

मोना