झेंग चिनवेन की यूएस ओपन में शानदार वापसी, नाओमी ओसाका भी चौथे दौर में

Ads

झेंग चिनवेन की यूएस ओपन में शानदार वापसी, नाओमी ओसाका भी चौथे दौर में

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 11:02 AM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 11:02 AM IST

न्यूयॉर्क, छह सितंबर (एपी) ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता झेंग चिनवेन ने शनिवार को शानदार वापसी करते हुए लगातार आखिरी सात गेम जीतकर 22वीं वरीयता प्राप्त कीज को 1-6, 7-6 (3), 7-5 से हराकर यूएस ओपन के चौथे दौर में प्रवेश किया।

इस जीत के बाद झेंग कोर्ट पर पीठ के बल लेटी थीं और उनके हाथ हवा में थे। वह ऐसी जीत का जश्न मना रही थीं, जिसकी उम्मीद शायद सिर्फ उन्हें ही थी।

दूसरी ओर कीज आंसुओं को रोकने की कोशिश करते हुए बता रही थीं कि आखिर कैसे झेंग लगभग मैच से बाहर होने के बावजूद जीत हासिल करने में सफल रहीं।

कीज ने कहा, ‘‘“मुझे लगता है कि मैंने निश्चित रूप से बहुत अच्छी शुरुआत की थी और फिर मैं बहुत डर गई… मैं शॉट ही नहीं लगा पा रही थी। मुझे नहीं पता। इस समय टेनिस बहुत मुश्किल लग रहा है और मुझे लगता है कि मैं उसी दबाव में आ गई।”

2017 की उपविजेता कीज ने दूसरे सेट का टाईब्रेक हारने के बाद जोरदार वापसी करते हुए 5-0 की बढ़त बना ली। झेंग ने एक गेम जीता, लेकिन 5-1 पर सर्विस करते समय कीज के पास मैच प्वाइंट था। वह इसे भुना नहीं सकीं और यहीं से मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल गया। एक समय निराशा में कीज अपना रैकेट बार-बार सिर पर मारते दिखी।

झेंग ने कहा, “मेहनत का फल मिलता है।”

अब उनका सामना 2022 की यूएस ओपन चैंपियन इगा स्वियातेक से होगा।

नाओमी ओसाका ने भी एलिस मर्टेंस को 6-3, 3-6, 7-5 से हराकर चौथे दौर में जगह बना ली। दो घंटे 38 मिनट चले मुकाबले के अंतिम अंक के बाद दो बार की चैंपियन ओसाका ने अपना सिर रैकेट पर रख लिया, मानो इस 13वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को खुद भी अपनी जीत पर यकीन नहीं हो रहा हो।

ओसाका ने कहा, ‘‘“ईमानदारी से कहूं तो मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि मैंने यह मैच जीत लिया। मैं सचमुच हैरान हूं कि मैं जीत गई।”

ओसाका की वापसी झेंग जितनी मुश्किल तो नहीं थी, लेकिन वह निर्णायक सेट में 2-4 से पीछे थीं। उन्होंने कठिन मुकाबले के दौरान अपनी झुंझलाहट जाहिर करने के लिए माफी भी मांगी।

पुरुषों में नौवीं वरीयता प्राप्त टेलर फ्रिट्ज हालांकि उलटफेर का शिकार होने से नहीं बच पाये।

फ्रिट्ज ने दो सेट की बढ़त गंवा दी और 24वीं वरीयता प्राप्त अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को सेरुंडोलो से 3-6, 4-6, 6-3, 6-4, 6-4 से हार गए।

फ्रिट्ज ने कहा, “मुझे नहीं पता कि आज मैंने ऐसा कैसे होने दिया।”

यूएस ओपन की पूर्व उपविजेता अमांडा अनिसिमोवा भी बाहर हो गईं। 10वीं वरीयता प्राप्त अनिसिमोवा को 24वीं वरीयता प्राप्त अनास्तासिया पोटापोवा ने 6-2, 7-5 से हराया।

पोटापोवा का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त और फ्रेंच ओपन चैंपियन मिएरा आंद्रीवा से होगा।

फ्रेंच ओपन के उपविजेता और पांचवीं वरीयता प्राप्त फ्लावियो कोबोली को 28वीं वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ब्लॉक्स ने चार सेट में हराया। इसके साथ ही पुरुष एकल ड्रॉ में शीर्ष 10 में से छह वरीय खिलाड़ी बाहर हो चुके हैं।

यूएस ओपन चैंपियन की पूर्व चैंपियन (2023) कोको गॉफ ने क्रिस्टीना बुका को 6-3, 6-4 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया। अगले दौर में उनका सामना फिलीपींस की 17वीं वरीयता प्राप्त एलेक्स एला या 14वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी इवा जोविच से होगा।

एपी आनन्द

आनन्द