ज़्वेरेव और खाचानोव आसान जीत के साथ सेमीफाइनल में

Ads

ज़्वेरेव और खाचानोव आसान जीत के साथ सेमीफाइनल में

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 10:40 AM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 10:40 AM IST

न्यूयॉर्क, 10 सितंबर (एपी) शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज़्वेरेव का अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल तक का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा था लेकिन उन्हें सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

ज़्वेरेव ने क्वार्टर फाइनल में बोटिक वैन डे ज़ैंडशल्प को 6-2, 7-5, 6-1 से आसानी से हराया। इस तरह से उन्होंने मौजूदा सत्र के सभी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के अंतिम चार में जगह बनाने की विशिष्ट उपलब्धि हासिल की।

फ्रेंच ओपन चैंपियन और विंबलडन उपविजेता ज़्वेरेव सेमीफाइनल में शुक्रवार को करेन खाचानोव का सामना करेंगे, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन और फ्रांसिस टियाफो आमने-सामने होंगे।

ज़्वेरेव 1968 में शुरू हुए ओपन युग में किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के पहले दो दौर में पांच सेट तक खेलने वाले पहले शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बने लेकिन इसके बाद उन्होंने अपने अगले तीन मैच सीधे सेटों में जीते। वह इस साल सभी चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले एकमात्र पुरुष खिलाड़ी हैं।

ज़्वेरेव ने कहा, ‘‘मैं अभी तक के अपने प्रदर्शन से खुश हूं। मैंने दिखा दिया कि मैं पांच सेट तक खेल कर भी जीत हासिल कर सकता हूं। मुझे खुशी है कि मैं सेमीफाइनल में पहुंच गया हूं लेकिन मुझे अभी इससे भी आगे बढ़ना है।’’

खाचानोव इस साल प्रत्येक ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के कम से कम तीसरे दौर तक पहुंचे लेकिन यहां वह सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। उन्होंने अलेक्जेंडर ब्लॉक्स के मैच के बीच से हट जाने के बाद अंतिम चार में जगह सुरक्षित की।

ब्लॉक्स ने पैर, पसलियों और पीठ में चोट लगने के कारण तीसरे सेट में खेलना बंद कर दिया, जिससे खाचानोव अपने तीसरे ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में पहुंच गए। ब्लॉक्स ने जब हटने का फैसला किया तब खाचानोव पहले दो सेट 6-2, 7-5 से जीतने के बाद तीसरे सेट में 3-2 से आगे चल रहे थे।

एपी

पंत

पंत