ये खबर रूह कंपा देने वाली है, किसी को भी दहला देने वाली है, ख़बर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की है, जहां आवारा कुत्तों के एक झुंड ने एक साल की एक मासूम बच्ची की जान ले ली। अनुपम नगर इलाके की दुखद घटना है, एक साल की रिया अपने पांच साल के भाई के साथ घर में खेल रही थी। उस वक्त घर में दोनों बच्चे ही थे। इसी बीच, कुत्तों के एक झुंड ने बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्ते के मुंह में मासूम बच्ची को देखकर आस-पड़ोस के कुछ लोगों ने बचाने की कोशिश भी की, जिसके बाद बच्ची को बुरी तरह जख्मी हालत में छोड़कर कुत्ते वहां से भाग गए। पड़ोसियों की मदद से परिजन बच्ची को फौरन अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़े – छत्तीसगढ़ की कहानी टॉयलेट एक टूटता परिवार
आपको बता दें कि बच्ची के माता-पिता दोनों ही श्रमिक हैं, जो ग्राम सरसीवां से राजधानी मजदूरी करने आए हैं। इस घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुँची पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया। इस तरह की ये कोई पहली घटना नहीं है, जब आवारा पशुओं के कारण किसी की जान गई है। रायपुर में ही कई इलाके ऐसे हैं, जहां आवारा कुत्ते दहशत का बड़ा कारण बने हुए हैं। इसके अलावा कई जगह सुअरों को भी इसी तरह बीच सड़कों पर घूमते देखा जाता है। गायों और भैंसों के कारण भी अक्सर कई जगह सड़कों पर हादसों का खतरा मंडराता रहता है। स्थानीय प्रशासन और नगर निगम प्रशासन का कभी इन समस्याओं की ओर ध्यान भी नहीं जाता। अब एक बच्ची की इस तरह हुई दर्दनाक मौत के बाद भी जिम्मेदारों की आंखें खुलती हैं या नहीं, ये बड़ा सवाल है?
वेब टीम IBC24