फिल्म का सेट तैयार करने के दौरान कोरोना संबंधी नियमों का पालन नहीं करने पर मामला दर्ज

Ads

फिल्म का सेट तैयार करने के दौरान कोरोना संबंधी नियमों का पालन नहीं करने पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - April 3, 2021 / 05:11 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:56 PM IST

पालघर (महाराष्ट्र), तीन अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में फिल्म का सेट तैयार करने के दौरान कोविड-19 निर्देशों का पालन नहीं किए जाने के संबंध में पुलिस ने फिल्म की शूटिंग से जुड़े कुछ सदस्यों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है।

एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मामला बृहस्पतिवार को दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया कि पालघर में वसई के सनसिटी ग्राउंड में 24 मार्च को फिल्म का सेट तैयार करने का काम चल रहा था। उस वक्त वहां सैकड़ों लोग काम कर रहे थे। पुलिस की टीम जब वहां पहुंची तो एक भी कामगार मास्क लगाए हुए नहीं मिला और ना ही उचित दूरी के नियमों का पालन हो रहा था।

मीरा भयंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्त कार्यालय के तहत माणिकपुर थाने के अधिकारी ने बताया, ‘‘फिल्म का सेट तैयार करने से जुड़ी टीम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोकसेवक के आदेश की अवज्ञा), 269 (जानलेवा बीमारी के संक्रमण को फैलाने के लिए जिम्मेदार लापरवाही भरा कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया।’’

उन्होंने बताया कि इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

पुलिस ने इस संबंध में और जानकारी नहीं दी कि किस फिल्म के लिए सेट तैयार किया जा रहा था।

महामारी शुरू होने के बाद से महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के सबसे ज्यादा 47,287 मामले सामने आए।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव