रायपुर। आईएस ओपी चौधरी के इस्तीफा देने की पुष्टि और उनके भाजपा से चुनाव लड़ने की अटकलों पर कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि चौधरी पहले अफसर के रुप में भाजपा के लिए काम करते थे, अब खुलकर सामने आ रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा कि ओपी चौधरी अब व्यक्ति के रूप में रहेंगे, अब जनप्रतिनिधि के रूप में रहेंगे। विधायक बनेंगे ऐसी उम्मीद कम है। वे बीजेपी के कार्यकर्ता के रूप में रहेंगे। उन्होंने कहा कि चौधरी पहले आड़ लेकर रहते थे अब खुलकर हो गए।
यह भी पढ़ें : आईएएस चौधरी ने साझा की इस्तीफे की बात, माटी और अपनों की बेहतरी के लिए देंगे वक्त
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अधिकारी चला रहे हैं। अब उनका चेहरा बेनकाब हो रहा है कि सबकुछ हम की चलाएं। उन्होंने कहा कि जो जड़ से उठकर जनप्रतिनिधि आता है, उसके बीच यह पैराशूट लैंडिंग है। सिंहदेव ने चौधरी के लिए कहा कि कि वे अपने काम में ही रहते, जिसकी ट्रेनिंग ली है।
वहीं पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि अफसरों पर शुरु से बीजेपी के एजेंट और दलाल बनकर सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगते थे। ओपी चौधरी का इस्तीफा उसी दिशा में कदम है। उन्होंने कहा कि अफसर गलतफहमी मत पालें, समय कांग्रेस का है। ऐसे अफसरों को जनता सबक सिखाएगी। चौबे ने कहा कि सत्ता के लालच से होनहारों को बचना चाहिए।
यह भी पढ़ें : 30 अगस्त को रायपुर पहुंचेंगे मुख्य निर्वाचन आयुक्त रावत, कुछ ऐसा है उनका शेड्यूल
चौबे ने कहा कि अभी और भी ओपी चौधरी हैं, समय आने पर सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि आस्था यदि बीजेपी के साथ हैं तो खुलने में बुराई नहीं है। छत्तीसगढ़ ने तो बड़े–बड़े अधिकारियों का इस्तीफा और पहली पंक्ति की पहली कुर्सी में बिठाकर देख लिया है, लेकिन छत्तीसगढ़ का अनुभव ठीक नहीं रहा है।
वेब डेस्क, IBC24