रायपुर। बेटी पढ़ेगी, देश गढ़ेगी। इस सूत्र वाक्य को छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश के विश्वसनीय न्यूज चैनल आईबीसी 24 ने साकार करने का बीड़ा उठाया है। आईबीसी 24 देश का पहला ऐसा चैनल है, जो प्रतिभावान छात्राओं को पिछले 3 सालों से विशेष स्कॉलरशिप दे रहा है। इस छात्रवृत्ति का नाम है- IBC24 स्वर्णशारदा स्कॉलरशिप।
इस स्कॉलरशिप की परिकल्पना को मूर्त रूप प्रदान करने वाले गोयल ग्रुप और IBC24 के चेयरमैन सुरेश गोयल ने बताया कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सभी 78 ज़िलों से एक-एक प्रतिभावान बेटियों और 15 संभागों के टॉपर छात्रों को स्वर्णशारदा स्कॉलरशिप प्रदान की जा रही है। पिछले तीन वर्षों की तरह इस साल स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप वितरण कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हो रही है।
20 जुलाई को रायपुर के सयाजी होटल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में योगऋषि स्वामी रामदेव की उपस्थिति और आध्यात्मिक गुरु पवन सिन्हा के विशिष्ट आतिथ्य में छात्रवृत्ति का वितरण किया जायेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा के अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल करेंगें,प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पांडे और स्कूली शिक्षा मंत्री केदार कश्यप विशिष्ट अतिथि के रुप में शामिल होंगे।
श्री गोयल ने बताया कि स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप के तहत साल 2017-18 की 12वीं की परीक्षा में अपने-अपने ज़िले से टॉप करने वाली एक-एक छात्रा को 50-50 हज़ार रुपए की छात्रवृत्ति और प्रदेश में टॉप करने वाली की छात्रा को 1 लाख रुपये की छात्रवृत्ति और टॉपर छात्रा के स्कूल को 1लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जायेगी। वहीं प्रदेश के पांचों संभागों के टॉपर छात्रों को 50-50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जायेगी।।
वेब डेस्क, IBC24