महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने बजट सत्र से पहले एमवीए विधायकों से मुलाकात की

Ads

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने बजट सत्र से पहले एमवीए विधायकों से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - February 17, 2021 / 10:44 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:31 PM IST

मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र विधानसभा में अगले महीने बजट सत्र से पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सत्तारूढ़ शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस के विधायकों के साथ बैठक शुरू की है।

बजट सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष के पद के लिए होने वाले चुनाव की संभावना की पृष्ठभूमि में इस बैठक को अहम माना जा रहा है। बजट सत्र एक मार्च से शुरू होगा।

कांग्रेस के नाना पटोले ने चार फरवरी को विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और इसके बाद उन्होंने प्रदेश पार्टी अध्यक्ष का प्रभार संभाला था।

सूत्रों के अनुसार ठाकरे ने सत्तारूढ़ गठबंधन के पुणे और नागपुर संभाग के विधायकों से मुंबई में अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में मंगलवार रात को रात्रि भोजन पर मुलाकात की।

गठबंधन के एक वरिष्ठ नेता ने बुधवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि बैठक के दौरान दोनों संभागों से करीब 70 प्रतिशत विधायक मौजूद थे। बैठक को त्वरित नोटिस पर आयोजित किया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह सिर्फ विधायकों से संवाद के लिए किया गया था। आम तौर पर यह चलन रहा है कि मुख्यमंत्री सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों के साथ बैठक करते हैं। यह पहली बार है जब ठाकरे ने इस तरह की मुलाकात की है।

राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार और पीडब्ल्यूडी मंत्री एवं कांग्रेस के अशोक चव्हाण भी बैठक में अपनी-अपनी पार्टी के प्रतिनिधि के तौर पर उपस्थित थे।

सूत्र ने बताया, ‘‘शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के विधायकों एवं पार्षदों के साथ यह आम संवाद था।’’

ठाकरे बुधवार रात को अमरावती एवं औरंगाबाद संभाग के महा विकास आघाड़ी (एमवीए) विधायकों से मुलाकात करने वाले हैं। इसके बाद बृहस्पतिवार को वह नासिक और कोंकण संभागों के विधायकों से मुलाकात करेंगे।

भाषा सुरभि माधव

माधव