चंद्रपुर, पांच जून (भाषा) महाराष्ट्र के चंद्रपुर में स्थित ताडोबा अंधारी बाघ अभयारण्य के मुल रेंज में शनिवार को उपचाराधीन जख्मी बाघिन की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वन विभाग के कर्मचारियों को कुछ दिन पहले यह बाघिन मुल रेंज की डोनी-1 बीट क्षेत्र में घायल अवस्था में मिली थी, जिसके बाद चंद्रपुर के त्वरित प्रतिक्रिया दल के साथ ही एक पशु चिकित्सक भी मौके पर इलाज करने पहुंचे थे।
एक अधिकारी ने बताया कि बाघिन ने उपचार के दौरान पशु चिकित्सक डॉ रविकांत खोबरागड़े पर हमला भी कर दिया था। उसके बाद से ही बाघिन को निगरानी में रखा गया था लेकिन शनिवार को वह मृत पायी गयी।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि बाहरी गंभीर चोटों के चलते बाघिन की मौत हुई।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप